हेल्थ

Heatwave: दिनभर AC में रहने वालों को भी क्यों लग सकती है लू, इनडोर हीट स्ट्रेस कैसे बन रहा नया खतरा

Heatwave Indoor Heat Stress: क्या आप जानते हैं कि गर्मी में सिर्फ बाहर रहने वालों को ही नहीं, बल्कि दिनभर AC में रहने वालों को भी लू और इनडोर हीट स्ट्रेस का खतरा हो सकता है। जानिए यह समस्या क्यों बढ़ रही है, इसके शुरुआती संकेत क्या हैं और इससे बचने के आसान उपाय।

Image

क्या होता है इंडोर ही स्ट्रेस, AC में बैठने वालों को भी कैसे लग जाती है लू

Heatwave Indoor Heat Stress Explained: गर्मी बढ़ते ही ज्यादातर लोग राहत पाने के लिए AC का सहारा लेते हैं। घर हो, ऑफिस हो या कार, लोगों की यह कोशिश रहती है कि ज्यादा से ज्यादा समय ठंडी जगह पर बिताया जाए। कई लोगों को लगता है कि अगर वे धूप में नहीं निकल रहे हैं और पूरे दिन AC में रह रहे हैं, तो उन्हें लू या गर्मी से जुड़ी कोई परेशानी नहीं हो सकती। लेकिन हकीकत इससे थोड़ी अलग है।

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे का कहना है कि आजकल 'इनडोर हीट स्ट्रेस' यानी घर या ऑफिस के अंदर होने वाला गर्मी का असर भी एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। खासकर हीटवेव के दौरान शरीर पर गर्मी का दबाव सिर्फ बाहर रहने से ही नहीं, बल्कि कुछ परिस्थितियों में घर के अंदर भी पड़ सकता है। यही वजह है कि कई लोग AC में रहने के बावजूद थकान, चक्कर, सिरदर्द और कमजोरी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इसलिए सिर्फ AC में बैठना ही गर्मी से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। आइए डॉक्टर से ही समझते हैं कैसे इनडोर हीट स्ट्रेस बन रहा गर्मियों की बड़ी समस्या...

AC में रहने के बाद बाहर निकलना पड़ सकता है भारी

सोचकर देखिए कि आप कई घंटे 22 या 24 डिग्री तापमान वाले कमरे में बैठे हैं और अचानक 45 डिग्री की तेज गर्मी में बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में शरीर को एकदम से बड़े तापमान बदलाव का सामना करना पड़ता है। हमारा शरीर खुद को मौसम के हिसाब से ढालता है, लेकिन जब ठंडे और बेहद गर्म माहौल के बीच बार-बार आना-जाना होता है, तो शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। यही कारण है कि कई लोगों को बाहर निकलते ही बेचैनी, सिर भारी लगना या कमजोरी महसूस होने लगती है।

क्या होता है इनडोर हीट स्ट्रेस

क्या होता है इनडोर हीट स्ट्रेस

क्या होता है इनडोर हीट स्ट्रेस

आमतौर पर लोग सोचते हैं कि गर्मी का असर सिर्फ धूप में रहने से होता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। अगर घर या ऑफिस में हवा का सही आना-जाना नहीं है, कमरे में उमस ज्यादा है या बिजली जाने के बाद तापमान अचानक बढ़ जाता है, तो शरीर धीरे-धीरे गर्मी का असर महसूस करने लगता है।

कई बार व्यक्ति को पता भी नहीं चलता कि उसका शरीर पानी की कमी और गर्मी के दबाव से जूझ रहा है। यही स्थिति आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकती है।

कैसे समझें शरीर पर पड़ रहा है गर्मी का असर

डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि गर्मी का असर हमेशा शरीर पर अचानक नहीं दिखता है। कई बार शरीर पहले ही कुछ संकेत देने लगता है जैसे:

  • अगर बार-बार प्यास लग रही है
  • बिना ज्यादा काम किए थकान महसूस हो रही है
  • सिर दर्द हो रहा है
  • चक्कर आ रहे हैं या शरीर सुस्त लग रहा है
तो इस तरह के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बहुत से लोग इन लक्षणों को सामान्य कमजोरी समझकर छोड़ देते हैं, लेकिन हीटवेव के दौरान ये संकेत शरीर पर बढ़ते गर्मी के दबाव की ओर इशारा कर सकते हैं।
बॉडी पर कैसे होता है गर्मी का असर

बॉडी पर कैसे होता है गर्मी का असर

सिर्फ AC पर निर्भर रहना भी सही नहीं

कई लोग गर्मियों में पानी कम पीते हैं क्योंकि उन्हें पसीना कम आता है। AC में रहने की वजह से प्यास भी कम महसूस होती है। लेकिन शरीर को पानी की जरूरत लगातार बनी रहती है।

डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि अगर आप दिनभर AC में रहते हैं और पर्याप्त पानी नहीं पीते, तो शरीर में धीरे-धीरे पानी की कमी होने लगती है। इससे थकान, चक्कर और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए सिर्फ AC की ठंडक पर भरोसा करना पर्याप्त नहीं है।

गर्मी में खुद को कैसे रखें सुरक्षित

हीटवेव के दौरान कुछ छोटी-छोटी सावधानियां आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती हैं। ऐसे में आपको कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए,

  • दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें, चाहे प्यास लगे या नहीं
  • अगर लंबे समय तक AC में रहते हैं तो बीच-बीच में सामान्य तापमान वाले माहौल में भी कुछ समय बिताएं
  • बाहर निकलते समय सिर को ढकें और तेज धूप में ज्यादा देर रहने से बचें
  • AC का तापमान बहुत ज्यादा कम रखने के बजाय सामान्य रखें ताकि शरीर को अचानक तापमान बदलाव का झटका न लगे
  • इसके अलावा अगर लगातार चक्कर, कमजोरी या ज्यादा थकान महसूस हो रही है तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
गर्मी में खुद को कैसे रखें सुरक्षित

गर्मी में खुद को कैसे रखें सुरक्षित

डॉक्टर क्या देते हैं सलाह

हीटवेव के दौर में सिर्फ धूप में रहने वाले लोग ही नहीं, बल्कि दिनभर AC में रहने वाले लोग भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं का सामना कर सकते हैं। इनडोर हीट स्ट्रेस एक ऐसी स्थिति है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं।

ऐसे में डॉक्टर सलाह देते हैं कि गर्मी में सिर्फ ठंडे कमरे में बैठना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर को हाइड्रेट रखना, तापमान में अचानक बदलाव से बचना और शरीर के संकेतों को समझना भी उतना ही जरूरी है। छोटी-छोटी सावधानियां आपको गर्मी के बड़े खतरे से बचा सकती हैं।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article