Heatwave and digestion connection: गर्मी का मौसम आते ही लोगों को पेट से जुड़ी समस्याएं अधिक परेशान करने लगती हैं। किसी को अपच की शिकायत होती है तो किसी को एसिडिटी, पेट फूलना, कब्ज या दस्त जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर जब तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच जाता है और हीटवेव (लू) चलने लगती है, तब ये समस्याएं और भी बढ़ जाती हैं। अक्सर लोग इसे केवल खानपान की गड़बड़ी समझते हैं, लेकिन इसके पीछे गर्मी और शरीर की पाचन प्रणाली के बीच का एक वैज्ञानिक संबंध भी होता है। आइए विस्तार से समझते हैं कि आखिर हीटवेव (Heatwave) का हमारे डाइजेशन पर क्या असर पड़ता है और गर्मियों में पेट को स्वस्थ रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
गर्मी में बदल जाता है शरीर का फोकस
गर्मी हो या सर्दी हमारा शरीर हमेशा अपने टेंपरेचर को बैलेंस रखने की कोशिश करता है। जब बाहर का तापमान बहुत ज्यादा होता है, तो शरीर का पहला लक्ष्य खुद को ठंडा रखना हो जाता है। इसके लिए हमारी त्वचा की ओर रक्त का प्रवाह बढ़ जाता है ताकि पसीने के माध्यम से शरीर की गर्मी बाहर निकल सके। इस प्रोसेस में पाचन की ओर जाने वाला रक्त प्रवाह कम होता है और हमारा पाचन कमजोर होने लगता है। यही वजह है कि गर्मी के दिनों में भारी भोजन खाने के बाद पेट में भारीपन, गैस और अपच जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं।
पानी की कमी से बिगड़ता है पाचन
हीटवेव के दौरान शरीर से अत्यधिक पसीना निकलता है, जिससे पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने लगती है। यदि गर्मी में पर्याप्त मात्रा में पानी न पिया जाए तो डिहाइड्रेशन की स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं कुछ लोगों में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के कारण पेट दर्द, मरोड़ और दस्त जैसी परेशानियां भी देखने को मिल सकती हैं।
खाने के कारण बढ़ सकती हैं समस्याएं
गर्मी के मौसम में खाने में बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव तेजी से पनपते हैं। यही कारम है कि इन दिनों खुले में रखा भोजन जल्दी खराब हो सकता है। इसी वजह से गर्मियों में फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त और पेट संक्रमण के मामले अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिलते हैं। इसके साथ ही हीटवेव के दौरान यह जोखिम और भी बढ़ जाता है।
पाचन तंत्र को फिट रखने के उपाय
पर्याप्त पानी पिएं
गर्मी में दिनभर में नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। इसके लिए केवल प्यास लगने का इंतजार न करें। नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय भी फायदेमंद हो सकते हैं।
हल्का और ताजा भोजन चुनें
गर्मियों में ताजे फल, सलाद, दही, छाछ और आसानी से पचने वाले भोजन को प्राथमिकता दें। इन दिनों में बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन करने से परहेज करें।
भोजन को बाहर न रखें
गर्मी के दिनों में बचा हुआ खाना सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है और बासी भोजन खाने से बचें। इन दिनों बाहर का खाना खाते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
फाइबर का संतुलित सेवन करें
फाइबर से भरपूर फल, सब्जियां और साबुत अनाज आपके पाचन को बेहतर बनाए रखते हैं और कब्ज की समस्या से बचाने में मदद करते हैं।
शरीर को अधिक गर्म न होने दें
यदि आप गर्मी में फिट रहना चाहते हैं, तो तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो पर्याप्त पानी साथ रखें और शरीर को ठंडा रखने की कोशिश करें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
