Times Now Navbharat
live-tv
Premium

घी कैसे करता है प्रदूषण से बचाव, क्यों मास्क और काढ़े के साथ एक्सपर्ट्स ने दी इसे भी लेने की सलाह

Ghee Benefits For Air Pollution Protection: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए प्रदूषण की वजह आंखों में जलन और सीने में भारीपन जैसा महसूस होना आम बात हो गई है। ऐसे में डर लगना स्वाभाविक है। क्योंकि प्रदूषण सिर्फ हमारी सांस पर नहीं, बल्कि पूरी सेहत पर हमला करता है। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट्स मास्क लगाने और हर्बल काढ़े लेने के साथ घी को भी प्रदूषण से बचाव का प्रभावी तरीका बता रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि आखिर कैसे देसी घी कैसे प्रदूषण से बचाव में मददगार हो सकता है? चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट्स से ही जानते हैं...

Image
देसी घी से प्रदूषण से बचाव
  • Authored by: Vineet
  • Updated Dec 16, 2025, 04:04 PM IST

Ghee Benefits For Air Pollution Protection: सुबह-सुबह घर से बाहर कदम रखते ही अगर आसमान धुंध की चादर में लिपटा दिखे, आंखों में जलन होने लगे और गले में अजीब सी खराश महसूस हो, तो यह सिर्फ मौसम नहीं बल्कि बढ़ता हुआ प्रदूषण होता है। दिल्ली-NCR में हर साल सर्दियों के साथ यही तस्वीर सामने आती है। हवा इतनी जहरीली हो जाती है कि सांस लेना तक मुश्किल लगने लगता है। AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है और डॉक्टर लोगों को घर में रहने की सलाह देने लगते हैं। ऐसे में आम लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर खुद को कैसे बचाया जाए? क्या सिर्फ मास्क पहन लेना काफी है या शरीर को अंदर से भी किसी तरह की सुरक्षा चाहिए? इसी सवाल का जवाब जानने के लिए हमने कुछ हेल्थ एक्सपर्ट्स से बात भी की।

एक्सपर्ट की मानें तो ऐसे में हम सभी के पास एक पॉल्यूशन सर्वाइवल किट (Pollution Survival Kit) रखनी चाहिए, जिसमें कई ऐसी चीजें आपके होनी चाहिए, जो इस जहरीली हवा के प्रभाव को कम करने और आपको सेहतमंद रखने में मदद करती हैं। इस किट में जहां N95 मास्क और हर्बल काढ़ा शामिल है, वहीं एक नाम ऐसा भी है जो आप सभी को हैरान कर सकता है- वह है देसी घी। जी हां, वही देसी घी जिसे आमतौर पर सिर्फ खाने से जोड़ा जाता है। लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि घी सिर्फ स्वाद या ताकत के लिए नहीं, बल्कि प्रदूषण से बचाव में भी मददगार हो सकता है। आज के लेख में हम जानेंगे आखिर प्रदूषण से बचाव में घी कैसे काम करता है, और क्यों मास्क व काढ़े के साथ यह भी जरूरी है।

प्रदूषण शरीर को अंदर से कैसे नुकसान पहुंचाता है?

मैक्स अस्पताल से जुड़ी पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. शारदा जोशी की मानें तो खराब हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण सीधे नाक के रास्ते शरीर के अंदर पहुंच जाते हैं। ये कण इतने बारीक होते हैं कि फेफड़ों तक जाकर वहां सूजन और जलन पैदा कर सकते हैं।

  • इनके लगातार संपर्क में रहने से खांसी, सांस फूलना और सीने में भारीपन बढ़ता है
  • आंखों में जलन और पानी आना आम समस्या बन जाती है
  • लंबे समय तक असर रहने पर अस्थमा, एलर्जी और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है
  • यानी प्रदूषण सिर्फ सांस तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे शरीर पर असर डालता है।
प्रदूषण कैसे नुकसान पहुंचाता है

प्रदूषण कैसे नुकसान पहुंचाता है

खराब AQI में N95 मास्क क्यों सबसे जरूरी

डॉ. शारदा की मानें तो जब भी प्रदूषण की बात होती है, सबसे पहले मास्क पहनने की सलाह दी जाती है। लेकिन यहां यह समझना जरूरी है कि हर मास्क एक जैसा नहीं होता। N95 मास्क को इसलिए बेहतर माना जाता है क्योंकि यह हवा में मौजूद बेहद बारीक कणों को भी फिल्टर कर सकता है।

  • यह PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों को 95% तक रोकने में सक्षम होता है
  • साधारण कपड़े या सर्जिकल मास्क सिर्फ धूल रोकते हैं, प्रदूषण नहीं
  • सही फिटिंग वाला N95 मास्क ही असली सुरक्षा देता है
  • इसी वजह से न्यूट्रिशनिस्ट ने अपनी सर्वाइवल किट में N95 मास्क को सबसे अहम हिस्सा बताया है।

प्रदूषण से बचाव में घी कैसे फायदेमंद है?

आपके मन में यह सवाल आ सकता है कि आखिर घी का प्रदूषण से क्या लेना-देना है? लेकिन आशा आयुर्वेद की डायरेक्टर और आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा बताती हैं कि नाक के अंदर हल्की मात्रा में घी लगाने से वहां एक प्राकृतिक परत बन जाती है।

  • यह परत नाक को सूखने से बचाती है
  • धूल और प्रदूषण के कणों को सीधे अंदर जाने से कुछ हद तक रोक सकती है
  • सर्दियों की सूखी और जहरीली हवा में नाक को राहत देती है
  • इसे आप एक तरह का नेचुरल फिल्टर समझ सकते हैं, जो नाक के रास्ते पहली सुरक्षा देता है।
प्रदूषण से बचाव में घी कैसे फायदेमंद है

प्रदूषण से बचाव में घी कैसे फायदेमंद है

क्या नाक में घी लगाने से सच में प्रदूषण से बचाव होता है?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि यहां एक बैलेंस नजरिया रखना जरूरी है। वैज्ञानिक रूप से यह पूरी तरह साबित नहीं हुआ है कि घी प्रदूषण को रोकने का पक्का उपाय है। लेकिन आयुर्वेद और पारंपरिक जीवनशैली में नाक को सुरक्षित रखने के लिए घी या तेल लगाने की सलाह दी जाती रही है।

  • यह नाक की अंदरूनी त्वचा को नम बनाए रखता है
  • जलन और सूखेपन से राहत देता है
  • सांस लेने में होने वाली असहजता को कम कर सकता है
  • यानी इसे इलाज नहीं, बल्कि एक सपोर्टिव घरेलू उपाय के तौर पर देखा जाना चाहिए।

घी में मौजूद कौन से गुण प्रदूषण के असर को कम कर सकते हैं?

घी सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं जाना जाता, बल्कि इसमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को सहारा देते हैं।

  • विटामिन A, D और E नाक और त्वचा की अंदरूनी परत को पोषण देते हैं
  • आयुर्वेद में घी को सूखापन कम करने वाला माना जाता है
  • यह श्वसन मार्ग को शांत करने में मदद कर सकता है
  • प्रदूषण के कारण जब नाक और गला ज्यादा संवेदनशील हो जाते हैं, तब घी राहत देने में सहायक हो सकता है।

प्रदूषण में हर्बल काढ़ा या चाय क्यों जरूरी मानी जाती है?

आयुर्वेदाचार्य चंचल शर्मा के अनुसार प्रदूषण में हर्बल काढ़ा पीने की सलाह देने का मकसद शरीर को अंदर से मजबूत बनाना है। प्रदूषण शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाता है, जिससे थकान और सूजन होती है। ऐसे में हर्बल काढ़ा पीने से इनसे बचाव होता है और इम्यूनिटी भी बढ़ती है जैसे -

  • तुलसी, अदरक और मुलेठी जैसे तत्व गले को आराम देते हैं
  • ये एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं
  • गर्म काढ़ा सांस की नली में जमा गंदगी को ढीला करता है
  • यानी काढ़ा शरीर की अंदरूनी सफाई में मदद करता है।
हर्बल काढ़ा या चाय कैसे फायदेमंद है

हर्बल काढ़ा या चाय कैसे फायदेमंद है

मास्क, काढ़ा और घी एक साथ क्यों ज्यादा असरदार हैं?

हेल्थ एक्सपर्ट्स की राय में अगर इन तीनों को एक साथ देखा जाए, तो यह एक तरह का थ्री-लेवल प्रोटेक्शन बन जाता है, क्योंकि -

  • मास्क बाहर से आने वाले जहरीले कणों को रोकता है
  • काढ़ा शरीर को अंदर से मजबूत करता है
  • घी नाक के रास्ते एक हल्की सुरक्षा परत बनाता है
  • अकेला कोई उपाय पूरी सुरक्षा नहीं देता, लेकिन मिलकर ये प्रदूषण के असर को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

प्रदूषण से बचने के लिए और किन बातों का ध्यान रखें?

खराब AQI के दिनों में जीवनशैली में थोड़े बदलाव भी बड़ा फर्क ला सकते हैं।

  • सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें
  • बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी रखें
  • आंखों के लिए चश्मा और त्वचा के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें
  • घर में हवा साफ रखने की कोशिश करें

क्या घी सच में प्रदूषण से बचा सकता है?

डॉक्टर्स की राय में घी कोई चमत्कारी उपाय नहीं है, लेकिन प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में यह एक सहायक भूमिका जरूर निभा सकता है। वह सलाद देते हैं कि प्रदूषण में सिर्फ बाहर की सुरक्षा काफी नहीं, शरीर को अंदर से भी सपोर्ट चाहिए। सही मास्क, हर्बल काढ़ा और घी जैसे पारंपरिक उपाय अगर समझदारी से अपनाए जाएं, तो जहरीली हवा के बीच भी खुद को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

End of Article