FSSAI Warning: अगर आप समोसा, पकौड़े, वड़ा पाव या अन्य खाद्य पदार्थ अखबार में लपेटकर खाते हैं, तो सावधान हो जाइए। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने के लिए अखबार के इस्तेमाल पर एक बार फिर सख्त रोक दोहराई है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अखबार में खाना रखना, लपेटना (Newspaper Food Wrapping) या परोसना उपभोक्ताओं की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। आइए जानते हैं कैसे सेहत के लिए हानिकारक है अखबार में लपेटा हुआ खाना।
सेहत को नुकसान पहुंचा रही अखबार की पैकिंग
कहां से शुरू हुआ एक्शन
हाल ही में मुंबई के एक प्रसिद्ध वड़ा पाव विक्रेता द्वारा अखबार में बड़ा पाव परोसने का मामला सामने आने के बाद FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (MCGM) ने संयुक्त कार्रवाई की। इसके बाद FSSAI ने सभी खाद्य कारोबारियों, रेस्तरां, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, क्लाउड किचन, कैटरर्स, क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR), ठेला-रेहड़ी संचालकों और छोटे खुदरा विक्रेताओं को अखबार का उपयोग तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है।
कैसे सेहत को नुकसान पहुंचाता है अखबार
FSSAI के अनुसार, अखबारों में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटिंग इंक में हानिकारक रंग, पिगमेंट, बाइंडर, सीसा (Lead) और अन्य भारी धातुएं मौजूद होती हैं। ये रसायन खाद्य पदार्थों में मिल सकते हैं और लंबे समय तक सेवन करने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा अखबार वितरण और परिवहन के दौरान कई खराब परिस्थितियों से गुजरते हैं, जिससे उनमें बैक्टीरिया और अन्य रोगजनक तत्व मौजूद हो सकते हैं जो फूड पॉइजनिंग और अन्य बीमारियों का कारण बन सकते हैं।फूड पैकेजिंग के नियम
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (पैकेजिंग) रेगुलेशंस, 2018 के तहत भोजन को रखने, लपेटने या पैक करने के लिए अखबार अथवा इसी प्रकार की किसी भी सामग्री का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों के अनुसार अखबार का इस्तेमाल अतिरिक्त तेल सोखने, खाद्य सामग्री को ढकने, खाद्य पदार्थों को लपेटने या किसी भी प्रकार के खाद्य संपर्क सामग्री के रूप में नहीं किया जा सकता है।
FSSAI ने सभी खाद्य कारोबारियों से केवल स्वीकृत और फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने और अखबार में परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक रहने को कहा गया है।
अखबार में लिपटा खाना खाने के नुकसान
- शरीर में हानिकारक केमिकल्स पहुंच सकते हैं
- कैंसर का खतरा बढ़ सकता है
- पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं
- बैक्टीरिया और संक्रमण का खतरा हो सकता है
- गर्म खाने से जोखिम बढ़ जाता है
- लिवर और किडनी पर असर पड़ सकता है
प्राधिकरण ने कहा कि FSSAI और राज्य स्तरीय खाद्य सुरक्षा एजेंसियां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और उससे जुड़े नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं। सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग को बढ़ावा देकर सरकार खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रही है।
