Cranberry Benefits: अगर आप सेहत को बेहतर बनाने के लिए सुपरफूड्स की तलाश में हैं तो फिर क्रैनबेरी (Cranberry) आपके लिए शानदार विकल्प हो सकती है। स्वाद में हल्का खट्टा ये छोटा सा फल बड़े फायदे का होता है। क्रैनबेरी में विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। आइए जानते हैं इसके 5 बड़े फायदे।
1- दिल को स्वस्थ रखने में करता है मदद
अगर आप नियमित रूप से संतुलित मात्रा में क्रैनबेरी का इस्तेमाल करते हैं तो दिल से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम करने में यह सहायक हो सकता है। क्रैनबेरी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनॉल्स हृदय स्वास्थ्य के लिए अच्छे माने जाते हैं। इसके साथ ही ये शरीर में सूजन को कम करने और रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने में भी मदद कर सकता है।
2- पाचन तंत्र को बनाता है बेहतर
स्वस्थ पाचन का असर पूरे शरीर पर सकारात्मक रूप से दिखाई देता है। ऐसे में आप क्रैनबेरी को डाइट में शामिल करके पाचन तंत्र मजबूत कर सकते हैं। अगर आपको अक्सर पेट से जुड़ी परेशानियां रहती हैं, तो ये फल आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर मौजूद होता है जो आंतों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है।
3- त्वचा को बना सकती है चमकदार
क्रैनबेरी का अगर आप नियमित रूप से सेवन करते हैं तो यह आपकी त्वचा की प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद करता है। क्रैनबेरी में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। इसके सेवन से समय से पहले आने वाले उम्र बढ़ने के संकेत भी कम हो सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: हेल्दी समझकर न खाएं कच्ची ये 3 सब्जियां, आपकी एक गलती से बिगड़ सकती है सेहत
4- शरीर को एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा देती है
एंटीऑक्सीडेंट शरीर को स्ट्रेस से बचाने में मदद करते हैं जो क्रैनबेरी में प्रचुर मात्रा में होता है। अगर आप क्रैनबेरी का सेवन करते हैं तो यह कोशिकाओं को नुकसान से बचाने और शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: सिर्फ चीनी को दोष देना है बड़ी भूल, ये 3 चीजें शरीर को पहुंचा सकती हैं ज्यादा नुकसान, एक्सपर्ट ने किया आगाह
5- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का खतरा कम कर सकती है
क्रैनबेरी का एक फायदा इसकी UTI से बचाव में भूमिका भी है। इसमें ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं जो हानिकारक बैक्टीरिया को मूत्र मार्ग की दीवारों से चिपकने से रोकने में मदद कर सकते हैं। महिलाओं में UTI की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, ऐसे में क्रैनबेरी का सेवन लाभदायक माना जाता है।
बता दें कि आप क्रैनबेरी को कई तरीकों जैसे-ताजा फल, ड्राइड क्रैनबेरी, जूस, स्मूदी या सलाद के रूप में अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। अगर आप बाजार में मिलने वाला क्रैनबेरी जूस का सेवन करते हैं तो ध्यान दें कि इसमें अतिरिक्त चीनी हो सकती है, इसलिए खरीदते समय लेबल जरूर पढ़ें।
