Fitness Routine: बॉलीवुड एक्ट्रेस मुमताज किसी परिचय को मोहताज नही हैं। 78 साल की उम्र में भी मुमताज जिस तरह फिट और एक्टिव दिखती हैं, वो सच में हैरान करने वाली बात है। मुमताज का मानना है कि फिट रहने के लिए किसी जादू की जरूरत नहीं होती बस रोज की लाइफ में थोड़ा अनुशासन लाकर आप फिट रह सकते हैं। मुमताज ने कहा कि उन्होंने अपनी डाइट और एक्सरसाइज को लेकर कुछ पक्के नियम बना रखे हैं, जिन्हें वो हर हाल में फॉलो करती हैं।
मुमताज ने बताया अपना सीक्रेट रूटीन
मुमताज शाम 4 बजे के बाद खाना नहीं खातीं। ये आदत उन्होंने अक्षय कुमार से इंस्पायर होकर अपनाई। उनका मानना है कि जल्दी खाना खाने से पेट सही रहता है और नींद भी अच्छी आती है। अगर कभी हल्की भूख लग जाए तो वो सेब जैसा फल खा लेती हैं, लेकिन आमतौर पर उनका फोकस सुबह के नाश्ते और दोपहर के खाने पर ही रहता है।
उनका नाश्ता भी बहुत सिंपल होता है-जैसे अनाज और दूध। दोपहर में वो ज्वार या बाजरे की रोटी के साथ सब्जी या मांस खाती हैं। उनका कहना है कि सही मात्रा में और संतुलित खाना ही असली हेल्थ का राज है।
सिर्फ डाइट ही नहीं, मुमताज रोज करीब 50 मिनट एक्सरसाइज भी करती हैं। इसमें वेट ट्रेनिंग, पैरों की एक्सरसाइज और कार्डियो सब शामिल होता है। वो मानती हैं कि एक्सरसाइज सिर्फ दिखने के लिए नहीं, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत बनाने के लिए भी बहुत जरूरी है।
मुमताज का कहना है कि असली खेल दिमाग का होता है। अगर आप लगातार मेहनत करते रहेंगे और हार नहीं मानेंगे, तो उम्र कभी बीच में नहीं आएगी। बता दें कि डॉक्टर्स भी उनकी इस आदत को सही मानते हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि जल्दी खाना खाने से पाचन अच्छा रहता है और एसिडिटी या वजन बढ़ने जैसी दिक्कतें कम होती हैं। लेकिन हर इंसान का शरीर अलग होता है, इसलिए कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
