आजकल फिट रहने और वजन कंट्रोल करने के लिए लोग सलाद और कच्ची सब्जियां खूब खाने लगे हैं। यह आदत कई मामलों में अच्छी भी है, लेकिन हर सब्जी को कच्चा खाना सही नहीं होता। कुछ सब्जियां ऐसी हैं जिन्हें बिना पकाए खाने से पेट और सेहत से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। दिल्ली के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. शुभम वात्स्य ने ऐसी 3 सब्जियों के बारे में बताया है जिन्हें कच्चा खाने से बचना चाहिए।
पालक पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन इसे कच्चा खाने में सावधानी बरतनी चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक इसकी पत्तियों पर ऐसे कीटाणु मौजूद हो सकते हैं जो अच्छी तरह धोने के बाद भी पूरी तरह नहीं हटते। इसके अलावा कुछ लोगों में ज्यादा कच्चा पालक खाने से किडनी स्टोन का खतरा भी बढ़ सकता है।
सलाद में पत्तागोभी का इस्तेमाल बहुत आम है। लेकिन इसकी परतों के बीच मिट्टी, छोटे कीड़े या दूसरे हानिकारक तत्व छिपे रह सकते हैं। अगर इसे ठीक से साफ न किया जाए तो पेट से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए इसे हल्का पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
कुछ लोग बैंगन को सलाद या दूसरी डिश में कच्चा इस्तेमाल कर लेते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे बैंगन में ऐसे प्राकृतिक तत्व होते हैं जो पेट खराब, मतली या पाचन संबंधी परेशानी पैदा कर सकते हैं। पकाने के बाद यह जोखिम काफी कम हो जाता है।
सब्जियों को पकाने से उनमें मौजूद कई हानिकारक कीटाणु और अशुद्धियां कम हो जाती हैं। साथ ही शरीर उन्हें आसानी से पचा भी लेता है। इसलिए पालक, पत्तागोभी और बैंगन जैसी सब्जियों को कच्चा खाने के बजाय पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जाता है।
हेल्दी रहने के लिए सब्जियां खाना जरूरी है, लेकिन उन्हें सही तरीके से खाना उससे भी ज्यादा जरूरी है। हर चीज कच्ची खाने से फायदा नहीं मिलता। कुछ सब्जियों को पकाकर खाने से ही उनका पूरा लाभ मिलता है और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम रहते हैं।
प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।