Things More Dangerous Than Sugar: जब भी सेहत खराब करने वाली चीजों की बात होती है तो सबसे पहले चीनी का नाम सामने आता है। लोग मानते हैं कि वजन बढ़ने, डायबिटीज और दूसरी कई बीमारियों की सबसे बड़ी वजह चीनी ही है। लेकिन क्या सिर्फ चीनी ही हमारी सेहत की दुश्मन है? क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. शिखा सिंह का कहना है कि कुछ ऐसी चीजें भी हैं जो आजकल पैकेट वाले खाने में खूब इस्तेमाल हो रही हैं और ये शरीर को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती हैं।
डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक कई बार हम स्वाद और सुविधा के चक्कर में ऐसी चीजें खा लेते हैं, जिनके बारे में हमें पता भी नहीं होता। यही वजह है कि खाने के लेबल पढ़ना और समझदारी से चीजें चुनना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं उन 3 चीजों के बारे में जिनसे सावधान रहने की सलाह दी गई है।
1. हाइड्रोजिनेटेड ऑयल
डॉ. शिखा सिंह के अनुसार हाइड्रोजिनेटेड ऑयल एक तरह का प्रोसेस्ड फैट होता है, जिसका इस्तेमाल बिस्किट, नमकीन, आइसक्रीम, स्प्रेड और कई पैकेट वाले स्नैक्स में किया जाता है। इसकी खासियत यह है कि यह लंबे समय तक खराब नहीं होता और खाने को ज्यादा स्वादिष्ट बनाता है।
लेकिन समस्या यह है कि ऐसे फैट्स का ज्यादा सेवन दिल की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। इसलिए जब भी पैकेट वाला सामान खरीदें तो उसके लेबल पर नजर जरूर डालें।
2. MSG और दूसरे टेस्ट एन्हांसर
आपने कभी गौर किया होगा कि कुछ चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स या रेडी-टू-ईट स्नैक्स खाने के बाद मन करता है कि थोड़ा और खा लें। इसके पीछे स्वाद बढ़ाने वाले कुछ खास तत्व हो सकते हैं।
डॉ. शिखा सिंह बताती हैं कि MSG (INS 621) और कुछ दूसरे टेस्ट एन्हांसर खाने को ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिए डाले जाते हैं। ये इंस्टेंट नूडल्स, सूप, चिप्स और कई फ्लेवर्ड स्नैक्स में मिल सकते हैं। इनका काम खाने का स्वाद बढ़ाना होता है, जिससे लोग उसे बार-बार खाना पसंद करते हैं।
3. पॉलीसोर्बेट 80
आइसक्रीम की मुलायम बनावट और क्रीमी टेक्सचर सभी को पसंद आता है। इसके पीछे एक कारण पॉलीसोर्बेट 80 (Polysorbate 80) नाम का एक इमल्सीफायर भी हो सकता है।
डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक इसका इस्तेमाल खाने में मौजूद तेल और पानी जैसी चीजों को आपस में मिलाकर रखने के लिए किया जाता है। यह कई प्रोसेस्ड फूड्स में भी इस्तेमाल होता है। हालांकि इसे लेकर वैज्ञानिक रिसर्च अभी जारी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा प्रोसेस्ड चीजें खाना किसी के लिए भी अच्छा नहीं माना जाता।
पैकेट खरीदने से पहले लेबल पढ़ने की आदत डालें
आजकल बाजार में मिलने वाली ज्यादातर खाने की चीजें आकर्षक पैकिंग और बेहतरीन स्वाद के साथ आती हैं। लेकिन सिर्फ स्वाद देखकर कोई चीज खरीदना सही नहीं है। डॉ. शिखा सिंह सलाह देती हैं कि पैकेट के पीछे लिखी सामग्री जरूर पढ़ें।
अगर खाने में बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फैट, स्वाद बढ़ाने वाले तत्व या जरूरत से ज्यादा एडिटिव्स हों, तो उनका सेवन सीमित मात्रा में करना बेहतर हो सकता है।
तो क्या पैकेट वाली चीजें खाना छोड़ देना चाहिए?
बता दें इसका मतलब यह नहीं है कि आपको हर पैकेट वाली चीज से डरने की जरूरत है। सबसे जरूरी बात संतुलन है। कोशिश करें कि रोजाना के खाने में ताजा घर का बना भोजन, फल, सब्जियां और कम प्रोसेस्ड चीजें शामिल हों। जितना प्राकृतिक खाना होगा, उतना ही शरीर के लिए बेहतर माना जाता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. शिखा सिंह द्वारा साझा की गई जानकारी पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या डाइट में बदलाव से पहले अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
