ब्रश करने का सही तरीका क्या है? राज शमानी के पॉडकास्ट में डॉक्टर ने बताया, दांतों के इस हिस्से की सफाई करना है बेहद जरूरी

दांतों की अच्छी सेहत के लिए सिर्फ रोज ब्रश करना काफी नहीं, बल्कि सही तरीके से सफाई करना भी जरूरी है। डॉक्टर से जानिए डेंटल केयर की ऐसी जरूरी बातें, जिन्हें अक्सर लोग अपनी रोजमर्रा की आदतों में नजरअंदाज कर देते हैं।

Brush karne ka sahi tarika kya hai, ब्रश करने का सही तरीका : सुबह उठते ही सबसे पहले हममें से ज्यादातर लोग ब्रश करने पहुंच जाते हैं। किसी के लिए यह रोजमर्रा की आदत है, तो किसी के लिए दिन की शुरुआत करने का जरूरी तरीका। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आप जिस तरह से रोज ब्रश करते हैं, क्या उससे आपके दांतों का हर हिस्सा अच्छी तरह साफ हो रहा है? अक्सर लोग दांतों की सामने वाली सतह पर ज्यादा ध्यान देते हैं और अंदर के हिस्सों को जल्दी-जल्दी साफ करके छोड़ देते हैं।

यही छोटी-सी लापरवाही आगे चलकर दांतों पर गंदगी और टार्टर जमने की वजह बन सकती है। राज शमानी के YouTube पर साझा किए गए एक वीडियो में डॉ. संदेश मयेकर ने ब्रश करने से जुड़ी एक बेहद जरूरी बात बताई। उनके मुताबिक, नीचे के दांतों के अंदरूनी हिस्से की सफाई पर खास ध्यान देना चाहिए। यह बात सुनने में छोटी लग सकती है, लेकिन आपकी रोज की डेंटल केयर आदत को बेहतर बना सकती है।

नीचे के दांत साफ करना है जरूरी

डॉ. संदेश मयेकर के अनुसार, ब्रश करते समय नीचे के सामने वाले दांतों के अंदरूनी हिस्से को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दरअसल, इसी जगह पर लार बनाने वाली ग्रंथियों के मुंह खुलते हैं। यहां लार में मौजूद खनिजों के कारण दांतों पर टार्टर जमने की संभावना ज्यादा रहती है। टार्टर दांतों पर बनने वाली एक सख्त परत होती है, जो सामान्य कुल्ला करने या साधारण ब्रशिंग से आसानी से नहीं हटती। शुरुआत में यह पीली या सफेद जमावट के रूप में दिखाई दे सकती है। अगर समय रहते इसकी सफाई न हो तो यह मसूड़ों की सेहत को भी प्रभावित कर सकती है।

ब्रश करने का सही तरीका क्या है

सिर्फ दिन में दो बार ब्रश कर लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही तकनीक अपनाना भी जरूरी है। दांतों की सफाई करते समय इन बातों का ध्यान रखें।

  • नीचे के दांतों की अंदरूनी सफाई: ब्रश को नीचे के सामने वाले दांतों के अंदरूनी हिस्से तक जरूर ले जाएं।

  • हल्के हाथों से ब्रश करें: दांतों को जोर-जोर से रगड़ने के बजाय हल्के दबाव के साथ सफाई करें।

  • मसूड़ों के पास भी ध्यान दें: दांत और मसूड़ों के मिलने वाली जगह पर धीरे-धीरे ब्रश करें।

  • हर सतह की सफाई करें: दांतों के आगे, पीछे और चबाने वाली सतह को भी साफ करें।

  • जीभ की सफाई न भूलें: जीभ पर जमा बैक्टीरिया और गंदगी हटाने के लिए उसे भी धीरे से साफ करें।

क्या ब्रश करने से टार्टर पूरी तरह हट सकता है?

यहां एक बात समझना जरूरी है। ब्रश करने से प्लाक यानी दांतों पर जमा नरम बैक्टीरियल परत को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। लेकिन जब यही प्लाक सख्त होकर टार्टर बन जाता है, तो उसे घर पर ब्रश से पूरी तरह हटाना संभव नहीं होता। इसके लिए डेंटिस्ट से प्रोफेशनल क्लीनिंग करवानी पड़ सकती है।

End Article
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइट...

End of Feed