लाइफस्टाइल

रोज एक ही पानी की बोतल इस्तेमाल करना कितना सुरक्षित है, जानिए कब बदलनी चाहिए पुरानी बोतल

क्या आप भी रोज एक ही पानी की बोतल इस्तेमाल करते हैं? जानिए बोतल को कितने समय तक इस्तेमाल करना सुरक्षित है, उसे रोज साफ करना क्यों जरूरी है और किन संकेतों पर पुरानी बोतल बदल देनी चाहिए।

Image

लंबे समय से एक ही पानी की बोतल यूज करना कितना सुरक्षित

Reuse Water Bottle: हम में से ज्यादातर लोग घर हो, ऑफिस या सफर, एक ही पानी की बोतल रोज इस्तेमाल करते हैं। यह अच्छी आदत भी है, क्योंकि इससे बार-बार नई प्लास्टिक की बोतल खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन एक सवाल अक्सर नजरअंदाज हो जाता ह - क्या वही बोतल लंबे समय तक इस्तेमाल करना हमेशा सुरक्षित (water bottle safety) रहता है? जवाब है, हां, लेकिन कुछ जरूरी सावधानियों के साथ। अगर बोतल की नियमित सफाई न हो या वह पुरानी होकर खराब होने लगे, तो उसमें गंदगी और कीटाणु जमा हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ पानी भरना ही नहीं, बोतल की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।

रोज इस्तेमाल कर सकते हैं तो साफ रखना जरूरी

अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, बार-बार इस्तेमाल होने वाली पानी की बोतल को नियमित रूप से धोना चाहिए। जब हम बोतल से सीधे पानी पीते हैं, तो मुंह के कुछ कीटाणु भी उसके मुंह और अंदरूनी हिस्से तक पहुंच सकते हैं। अगर बोतल कई दिनों तक साफ न की जाए, तो ये बढ़ सकते हैं। इसलिए रोज या हर इस्तेमाल के बाद बोतल धोना अच्छी आदत है।

हर बोतल की उम्र एक जैसी नहीं होती

स्टील और कांच की अच्छी गुणवत्ता वाली बोतलें लंबे समय तक इस्तेमाल की जा सकती हैं। लेकिन प्लास्टिक की बोतल पर अगर दरार, गहरी खरोंच, बदबू या रंग में बदलाव दिखने लगे, तो उसे बदल देना चाहिए। यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) यह भी सलाह देता है कि एक बार इस्तेमाल के लिए बनी प्लास्टिक की बोतलों को बार-बार इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि वे लंबे समय तक दोबारा इस्तेमाल के लिए नहीं बनाई जातीं।

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

अगर बोतल धोने के बाद भी उसमें से बदबू आती है, अंदर दाग बने रहते हैं, ढक्कन ठीक से बंद नहीं होता या बोतल टूटने लगी है, तो नई बोतल लेना बेहतर रहेगा। ऐसी बोतल साफ रखना भी मुश्किल हो जाता है।

बोतल साफ करने का सही तरीका

फूड सेफ्टी (FoodSafety.gov) के अनुसार, दोबारा इस्तेमाल होने वाली बोतल को गर्म पानी और हल्के साबुन से धोना चाहिए। ढक्कन और उसकी अंदरूनी जगह भी अच्छी तरह साफ करें। धोने के बाद बोतल को पूरी तरह सूखने दें, फिर उसमें पानी भरें। इससे बोतल ज्यादा साफ और सुरक्षित रहती है।

छोटी-सी आदत, बड़ा फायदा

पानी की बोतल रोजमर्रा की ऐसी चीज है, जिस पर हम अक्सर ध्यान नहीं देते। लेकिन साफ और अच्छी हालत वाली बोतल ही पीने के पानी को सुरक्षित रखने में मदद करती है। इसलिए बोतल की नियमित सफाई करें और उसके खराब होने के संकेत दिखते ही उसे बदल दें। यह छोटी-सी सावधानी आपकी रोजमर्रा की सेहत के लिए बड़ा फर्क ला सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article