Benefits Of Flaxseed In Hindi: अलसी के बीज या फ्लेक्स सीड्स इतने वर्साटाइल होते हैं कि खाने में इनका इस्तेमाल बीसीयों तरह से होता सकता है। स्वाद में जरा कुरकुरे और सोंधी महक वाले इन बीजों की पहुंच पाश्चात्य पाककला के बेकरी से लेकर किसी भारतीय रसोई तक है। प्रोटीन, फाइबर ओमेगा3 फैटी एसिड से भरे इस बीज का पोषण चाहिए तो इसके बीजों को अपनी स्मूदी में मिलाइए बीजों का तेल निकाल कर सलाद पर डालिए। इसके इस्तेमाल से वजन से लेकर ब्लड प्रेशर तक सब काबू में किया जा सकता है।
Benefits Of Flaxseed In Hindi
आइए इस चमत्कारी बीज के पोषण और फायदों पर एक नजर डालते हैं
अलसी के बीजों का पोषण - Flaxseeds Nutrition Facts 100g
दुनिया के प्राचीनतम फसलों में से एक अलसी के न्युट्रीशन की बात करें तो इसमें प्रोटीन, फाइबर और फैट के अलावा कई सारे मिनरल्स और कुछ विटामिन भी पाए जाते हैं। 100 ग्राम अलसी के बीजों में 30 मिलीग्राम सोडियम और 813 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। इसमें विटामिन बी भी पाया जाता है जो मेटाबोलिज्म को बेहतर करता है।
अलसी के बीज दिल की सेहत का रखते हैं खयाल
फ्लेक्स सीड्स में पाए जाने वाले ओमेगा3 फैटी एसिड हृदय के स्वास्थ्य को अच्छा रखते हैं। ओमेगा3 फैटी एसिड का जो प्रकार अलसी के बीजों में पाया जाता है उसका नाम, अल्फा-लिनोलिनिक एसिड है। हमारा शरीर इस एसिड को बना नहीं सकता है, इसे हमें भोजन के सहारे ही लेना पड़ता है। ये एसिड दिल की नसों में कोलेस्ट्रॉल को जमा होने से रोकता है।
अलसी के बीजों में होते हैं कैंसररोधी गुण
अलसी के बीजों में लिग्नेन नाम का एक पदार्थ होता है, जो सिर्फ पौधों में पाया जाता है। इस पदार्थ को इसके कैंसररोधी गुणों की वजह से जाना जाता है। अलसी के बीजों में ये लिग्नेन बाकी पौधों की तुलना में कई गुना अधिक पाया जाता है। कुछ स्टडीज बताती हैं कि अलसी के बीजों का सेवन बढ़ती उम्र के साथ होने वाले ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करता है। जानवरों पर किए गए शोध में ये स्किन और लंग कैंसर से भी बचाव में कारगर साबित हुआ है।
अलसी के बीजों का फाइबर देता है कब्ज से राहत
100 ग्राम अलसी के बीज में करीब 27 ग्राम फाइबर होता है। इनमें पाए जाने वाले फाइबर्स बाउल मूवमेंट को दुरुस्त करते हैं और कब्ज की समस्या दूर करते हैं साथ ही ये पाचन की प्रक्रिया को धीमा कर देते हैं जिससे ब्लड शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता।
अलसी के बीज ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करते हैं
अलसी के बीजों पर की गई कई सारी स्टडीज का साझा नतीजा दिखाता है अलग अलग तरीके से सेवन किए गए अलसी के बीज ब्लड प्रेशर को कम कर सकते हैं। इससे दिल पर कम जोर पड़ता है, नतीजन स्ट्रोक और हार्ट अटैक का खतरा कम हो जाता है।
वजन को मैनेज करने में मदद करते हैं अलसी के बीज
अलसी के बीजों में पाया जाने वाला सॉल्यूबल फाइबर हमारी आंतों में पहुंचकर पानी सोखकर पाचन की प्रक्रिया को धीमा कर देता है। इससे भूख कम लगती है और पेट देर तक भरा महसूस होता है। अच्छी-खासी स्टडीज में ये पाया गया है कि अलसी के बीज वजन, बॉडी मास इंडेक्स और पेट की चर्बी को कम करने में मदद करता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं, इसे पेशेवर चिकित्सकीय सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता है। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।
