Soaked Chana Benefits In Hindi: आपने अक्सर देखा जिम जाने वाले लोगों या पहलवानों को सुबह के समय रातभर पानी में भीगे हुए चने खाते देखा होगा। क्योंकि इन्हें खाने से ताकत आती है और शरीर फौलाद की तरह मजबूत बनता है। लेकिन क्या आप जानते हैं, सिर्फ पहलवान ही नहीं, अगर आम लोग भी रोज सुबह खाली पेट भीगे चने खाएं, तो इससे सेहत को गजब के फायदे मिलेंगे। पाचन स्वास्थ्य को दुरुस्त करने से लेकर हड्डियों को मजबूत बनाने तक, भीगे हुए चने खाने के अनेक स्वास्थ्य लाभ हैं। भीगे चने के खाने के फायदे क्या-क्या होते हैं, इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल से बात की। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
Benefits Of Eating Soaked Chana
खाली पेट भीगे चने खाने के फायदे- Empty Stomach Soaked Chana Benefits In Hindi
डायटीशियन गरिमा गोयल की मानें, तो चने पोषक तत्वों का पावर हाउस होते हैं। फिर चाहे सफेद चने हो या काले, दोनों में ही भरपूर पोषण होता है। ये प्रोटीन, कैल्शियम, जिंक, कॉपर, विटामिन बी और फाइबर आदि जैसे जरूरी पोषक तत्वों का एक बहुत ही अच्छा स्रोत होते हैं। अगर आप रात में सोने से पहले मुट्ठी भर चने पानी में भिगोकर रखते हैं और सुबह खाली पेट इनका सेवन करते हैं, तो कई बीमारियां आपसे दूर रहेंगी और सेहत को जबरदस्त फायदे मिलेंगे जैसे,
हड्डियां व मांसपेशियों बनाए मजबूत
रोज भीगे चने खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं। प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर यह फूड शरीर को आंतरिक रूप से मजबूत बनाता है। इन्हें खाने से मांसपेशियां मजबूत बनाने और उनके बेहतर विकास में मदद मिलती है।
डाइजेशन सुधारे
जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं रहती हैं, उनके लिए यह किसी औषधि से कम नहीं है। सुबह भीगे चने खाने से डाइजेशन मजबूत बनता है। यह पाचन क्रिया में सुधार करने और पेट संबंधी समस्याओं को दूर रखने में मदद करता है।
वेट लॉस में करे मदद
जो लोग वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए यह एक सुपरफूड है। इसे खाने से मेटाबॉलिज्म बढ़ता है। साथ ही, यह आपके शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ पेट को भी लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है। भीगे चने खाने के बाद आपको अनहेल्दी फूड्स खाने की क्रेविंग भी नहीं होती है।
जीवनशैली रोगों में करे सुधार
जिन लोगों को हाई कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर की समस्या है, उनके लिए भी भीगे चने का सेवन बहुत लाभकारी है। इसे खाने से अच्छा कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद मिलती है।
दिल को रखे स्वस्थ
हार्ट हेल्थ के लिए भी चने का सेवन बहुत लाभकारी माना जाता है। यह कोलेस्ट्रॉल, बीपी, मोटापा, शुगर आदि जैसे हृदय रोगों के जोखिम में सुधार करके दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
