Summer Diet Plan For Weight Loss: वजन कम करना चाहते हैं, लेकिन उबला हुआ और फीका खाना देखकर ही मन खराब हो जाता है? अगर आपका जवाब हां है, तो यह समर डाइट प्लान आपके बहुत काम आ सकता है। हेल्थ इन्फ्लुएंसर और क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. शिखा सिंह का कहना है कि वेट लॉस का मतलब भूखे रहना या बेस्वाद खाना खाना नहीं है। बता दें डॉ. शिखा खुद कभी 110 किलो वजन की थीं और उन्होंने करीब 50 किलो वजन कम किया। उनका मानना है कि अगर सही मात्रा में घर का स्वादिष्ट खाना खाया जाए, तो वजन घटाने का सफर आसान बन सकता है। आइए जानते हैं उनका बताया समर डाइट प्लान।
दिन की शुरुआत करें जीरा पानी से
डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक सुबह उठकर जीरा पानी पीना दिन की अच्छी शुरुआत हो सकती है। गर्मियों में यह शरीर को तरोताजा महसूस कराने में मदद करता है। साथ ही दिनभर पानी पीने की आदत बनाए रखना भी जरूरी है, क्योंकि कई बार प्यास को लोग भूख समझ लेते हैं।
नाश्ते में खाएं हम्मस सैंडविच
कई लोग वजन कम करने के चक्कर में नाश्ता छोड़ देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है। डॉ. शिखा सुबह के नाश्ते में हम्मस सैंडविच लेने की सलाह देती हैं। यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। इससे बार-बार कुछ खाने की इच्छा भी कम हो सकती है।
दोपहर में रखें दही-चावल
गर्मी के मौसम में दही-चावल यानी कर्ड राइस एक हल्का और आरामदायक भोजन माना जाता है। इसे खाने के बाद पेट भारी नहीं लगता और शरीर को जरूरी ऊर्जा भी मिलती रहती है। यही वजह है कि इसे इस डाइट प्लान का हिस्सा बनाया गया है।
बीच-बीच में फल खाना भी जरूरी
अगर सुबह और दोपहर के खाने के बीच भूख लगे, तो 100 ग्राम आम या तरबूज खाया जा सकता है। कई लोग सोचते हैं कि वजन घटाने के दौरान आम नहीं खाना चाहिए, लेकिन सही मात्रा में खाया गया आम भी संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकता है। तरबूज भी गर्मियों में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता।
शाम को सत्तू और रात में पनीर
शाम के समय भूख लगने पर सत्तू का ड्रिंक लिया जा सकता है। इससे पेट भरा हुआ महसूस होता है और बाहर की तली-भुनी चीजें खाने की इच्छा कम हो सकती है। वहीं रात के खाने में पैन फ्राइड पनीर और शिमला मिर्च रखने की सलाह दी गई है। यह हल्का होने के साथ पेट भी अच्छी तरह भर सकता है।
सोने से पहले पिएं सौंफ की चाय
दिन खत्म करने से पहले एक कप सौंफ की चाय ली जा सकती है। गर्मियों में सौंफ का इस्तेमाल काफी लोगों के घरों में किया जाता है। इससे हल्का और आरामदायक महसूस हो सकता है।
ध्यान रखें कि 1 महीने में 10 किलो वजन कम होना हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है। वजन कितनी तेजी से कम होगा, यह आपकी उम्र, रोज की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है। इसलिए किसी भी डाइट को शुरू करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह जरूर लें।
