हेल्थ

पेट बढ़ रहा है तो सावधान, 160 किलो के शख्स के पेट में निकली 21 किलो की गांठ, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये 6 गलतियां

एक आम धारणा है कि अगर किसी व्यक्ति का पेट निकल रहा है, तो ऐसा माना जाता है कि वह मोटापे की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लेकिन क्या आप जानते हैं, हर बार पेट का बढ़ना हमेशा मोटापे की वजह से नहीं होता। हाल ही में राजस्थान में 160 किलो वजन वाले एक मरीज के पेट से 20.8 किलोग्राम की बड़ी गांठ निकाली गई है। जानिए बढ़ते पेट को नजरअंदाज करना क्यों खतरनाक है।

Image

160 किलो के शख्स के पेट में निकली 21 किलो की गांठ

अक्सर जब किसी का पेट तेजी से बढ़ने लगता है तो लोग यही सोचते हैं कि वजन बढ़ रहा है या पेट पर चर्बी जमा हो रही है। लेकिन राजस्थान में सामने आया एक मामला बताता है कि हर बार ऐसा नहीं होता। कई बार शरीर के अंदर कोई गंभीर समस्या भी छिपी हो सकती है।

राजस्थान के एक 59 वर्षीय व्यक्ति का वजन करीब 160 किलो था। पिछले एक साल से उन्हें पेट में दर्द और भारीपन महसूस हो रहा था। परिवार और मरीज दोनों को लगा कि यह मोटापे की वजह से हो रहा है। इसी सोच के कारण असली बीमारी लंबे समय तक छिपी रही। जब परेशानी ज्यादा बढ़ी और जांच कराई गई तो पता चला कि उनके पेट में करीब 21 किलो वजन की एक विशाल गांठ (lump) मौजूद है।

दर्द और भारीपन को हल्के में लेना पड़ गया भारी

हम में से कई लोग पेट दर्द या पेट में भारीपन जैसी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। कभी गैस समझ लेते हैं तो कभी मोटापे का असर। इस मरीज के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। एक साल तक शरीर संकेत देता रहा, लेकिन उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। अगर कोई तकलीफ लगातार बनी रहे और समय के साथ बढ़ती जाए तो उसे सामान्य मानकर टालना ठीक नहीं है।

डॉक्टर भी देखकर रह गए हैरान

जब अस्पताल में जांच की गई तो पता चला कि पेट के अंदर एक बहुत बड़ी गांठ बन चुकी है। यह गांठ इतनी बड़ी थी कि उसने पेट के अंदर काफी जगह घेर रखी थी। डॉक्टरों के लिए भी यह मामला चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मरीज का वजन पहले से काफी ज्यादा था और ऑपरेशन आसान नहीं था।

साढ़े आठ घंटे चला ऑपरेशन

डॉक्टरों की टीम ने करीब साढ़े आठ घंटे तक मेहनत करके इस गांठ को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। सबसे खास बात यह रही कि ऑपरेशन सफल रहा और मरीज को नई जिंदगी मिली। यह डॉक्टरों की सूझबूझ, अनुभव और टीमवर्क का शानदार उदाहरण माना जा रहा है।

ये 6 गलतियां बिल्कुल न करें

अक्सर लोग कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो बाद में बड़ी परेशानी का कारण बन सकती हैं जैसे,

  • पेट के बढ़ते आकार को सिर्फ मोटापा समझ लेना
  • लंबे समय तक दर्द को नजरअंदाज करना
  • बार-बार होने वाली परेशानी को सामान्य मान लेना
  • जांच कराने में देरी करना
  • डॉक्टर की सलाह टालना
  • और शरीर में हो रहे बदलावों पर ध्यान न देना।

ये छोटी लगने वाली गलतियां किसी गंभीर बीमारी को समय रहते पकड़ने का मौका छीन सकती हैं।

शरीर जो संकेत दे उन्हें अनदेखा न करें

यह मामला हर किसी के लिए एक सीख है। अगर पेट का आकार अचानक बढ़ रहा है, लगातार दर्द बना हुआ है या शरीर में कोई बदलाव महसूस हो रहा है तो उसे हल्के में न लें। जरूरी नहीं कि हर बार वजह मोटापा ही हो। समय पर जांच और सही इलाज कई बार बड़ी परेशानी से बचा सकता है।

याद रखिए, शरीर अक्सर बीमारी आने से पहले संकेत देता है। समझदारी इसी में है कि उन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article