Zohran Mamdani : न्यूयॉर्क मेयर पद की रेस में आगे चल रहे डेमोक्रेट सोशलिस्ट जोहरान ममदानी के पीछे रिपब्लिकन पार्टी के नेता पड़ गए हैं। रिपब्लिकन पार्टी के ये नेता और ट्रंप प्रशासन के अधिकारी ममदानी की अमेरिकी नागरिकता खत्म करने और उन्हें डिपोर्ट करने की मांग कर रहे हैं। दरअसल, भारतीय मूल के माता-पिता के वंशज ममदानी ने मेयर के प्राइमरी चुनाव में पूर्व गवर्नर एंड्रिउ कुओमो को हराकर सभी को चौंका दिया है। ममदानी की यह जीत अमेरिका के राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि युवाओं में ममदानी की लोकप्रियता को देखते हुए उनकी जीत एक तरह से पक्की दिख रही है। न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव इसी साल नवंबर में होना है।
इसी साल नवंबर में होगा न्यूयॉर्क मेयर पद का चुनाव।
कौन हैं ममदानी
तैंतीस साल के ममदानी खुद को एक सोशलिस्ट नेता के रूप में पेश करते हैं। वह न्यूयॉर्क स्टेट में तीन बार असेंबली का चुनाव जीत चुके हैं। वह प्रसिद्ध फिल्म मेकर एवं भारतवंशी मीरा नायर के बेटे हैं। ममदानी का जन्म युगांडा के कंपाला में हुआ था, जहां उनकी मां की मुलाकात उनके पिता से हुई थी। जोहरान के पिता महमूद ममदानी युगांडा के निवासी हैं और उनकी जड़ें गुजरात में जुड़ी हुई हैं। वह 7 साल की उम्र में परिवार के साथ न्यूयॉर्क चले गए और वहीं पले-बढ़े। ममदानी ने 2018 में अमेरिका की नागरिकता हासिल की।
ट्रंप ने कहा-ममदानी सौ प्रतिशत कम्यूनिस्ट है
रिपब्लिकन नेता ममदानी की नागरिकता खत्म करने और उन्हें वापस डिपोर्ट करने की मांग ट्रंप प्रशासन से कर रहे हैं। रिपब्लिकन नेताओं का आरोप है कि ममदानी पूरी तरह से अमेरिकी नहीं है क्योंकि नागरिकता हासिल करने की निर्धारित अवधि जो 10 वर्ष है, वह उसे पूरा नहीं करते। बता दें कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ममदानी पर तीखा हमला बोला। ममदानी को ट्रंप 'सौ फीसदी कम्यूनिस्ट और पागल' बता चुके हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर लिखा, 'आखिरकार यह हो गया, डेमोक्रेट्स ने हदें पार कर दीं। जोहरान ममदानी जो कि सौ प्रतिशत कम्यूनिस्ट और पागल है, उसने डेम प्राइमरी का चुनाव जीत लिया है और वह मेयर बनने की दौड़ में है। हम पहले भी कट्टर वामपंथी देख चुके हैं लेकिन यह थोड़ा ज्यादा ही हास्यास्पद है। ममदानी भयानक दिखता है। इसकी आवाज कर्कश है। यह ज्यादा स्मार्ट भी नहीं है। वाकई में हमारे देश के इतिहास में यह एक बड़ा क्षण है।'
ममदानी के पीछे पड़े रिपब्लिकन
ट्रंप के इस पोस्ट के बाद रिपब्लिकन नेता एक तरह से ममदानी के पीछे पड़ गए हैं। न्यूयॉर्क रिपब्लिकन क्लब ने उन्हें डिपोर्ट करने की मांग की है। क्लब ने कहा है कि 'कट्टर जोहरान ममदानी को हमारे प्यार शहर न्यूयॉर्क को बर्बाद करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।' ममदानी की नागरिकता खत्म करने के लिए क्लब ने रेड स्केयर एरा के कम्यूनिस्ट कंट्रोल एक्ट को लागू करने और उन्हें तुरंत डिपोर्ट करने की मांग की है। क्लब ने व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टॉफ स्टीफन मिलर और ट्रंप के जार टॉम होमन से इस सिलसिले में तुरंत कदम उटाने की मांग की है। क्लब ने कहा, 'एक्शन लेने का यही समय है। न्यूयॉर्क को आप पर भरोसा है।'
ममदानी की जीत पर मिलर ने कहा कि 'जब कोई समाज प्रवासी नियंत्रण में नाकाम होता है तो क्या होता है, न्यूयॉर्क शहर इसका एक स्पष्ट चेतावनी है।' उन्होंने कहा, 'इस कट्टर सोशलिस्ट जो कि सभी प्रवासी कानूनों और जेल व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त करना चाहता है, उसके पीछे पूरी डेमोक्रेट पार्टी लामबंद हो रही है।'
ममदानी पर भाजपा-कांग्रेस दोनों हमलावर
मेयर पद का यह चुनाव तो अमेरिका के न्यूयॉर्क में हो रहा है लेकिन इसकी आंच भारत में भी महसूस की जा रही है। ममदानी के खिलाफ भाजपा और कांग्रेस दोनों ने मोर्चा खोला है। यह बात हैरान करने वाली लेकिन सच है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंहवी ने जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'जब जोहरान ममदानी मुंह खोलते हैं, तो पाकिस्तान की पीआर टीम छुट्टी ले लेती है। भारत को दुश्मनों की जरूरत नहीं, जब न्यूयॉर्क से कथित सहयोगी जब मनगढ़ंत और झूठी बातें बोलते हैं। तो वहीं बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी जोहरान ममदानी पर तंज कसा।
उन्होंने कहा, जोहरान ममदानी भारतीय से ज्यादा पाकिस्तानी लगते हैं। उनकी मां मीरा नायर, हमारी बेहतरीन फिल्मकार, पद्मश्री विजेता और भारत की प्रिय बेटी हैं, जो न्यूयॉर्क में रहती हैं। उन्होंने महमूद ममदानी (गुजराती मूल) से शादी की, जो एक मशहूर लेखक हैं और जाहिर है, बेटे का नाम जोहरान रखा गया। लेकिन वह भारतीय से ज्यादा पाकिस्तानी लगते हैं।' कंगना ने आगे कहा, 'उनकी हिंदू पहचान या खून का क्या हुआ? और अब वह हिंदू धर्म को मिटाने की बात करते हैं, वाह, हर जगह यही कहानी है। वैसे मैं मीरा जी से कुछ मौकों पर मिली हूं। माता-पिता को बधाई।'
'एकता के बजाय विभाजन को बढ़ावा मिलेगा'
‘डिजिमेंटर्स’ के सीईओ और मीडिया व राजनीति पर लंबे समय से नजर रखने वाले श्री श्रीनिवासन ने कहा कि ममदानी की जीत ने 'न्यूयॉर्क शहर की राजनीति को हिलाकर रख दिया है।' श्रीनिवासन ने कहा, 'यह घटनाक्रम आश्चर्यजनक रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है - जिन लोगों से आप कभी उम्मीद नहीं करते कि वे भी इस मामले पर अपनी राय दे रहे हैं। नवंबर तक का वक्त रोमांचक होगा। इस चुनाव पर सबकी नजरें होंगी।' पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के सलाहकार रहे अजय भूटोरिया ने कहा कि न्यूयॉर्क सिटी डेमोक्रेटिक मेयर पद के प्राइमरी चुनाव में ममदानी की ऐतिहासिक जीत समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। भूटोरिया ने कहा कि वह ममदानी की पुलिस की फंडिंग बंद करने की नीति को लेकर चिंतित हैं, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि कि इंतिफादा (विद्रोह) को वैश्विक बनाने का उनका आह्वान और इजरायल विरोधी सोच से यहूदियों के खिलाफ हिंसा भड़क सकती है, जिससे एकता के बजाय विभाजन को बढ़ावा मिलेगा।
