Pakistan Junk Weapons: जब से ईरान युद्ध छिड़ा है पाकिस्तान हवा में उड़ने लगा है। वह न सिर्फ ईरान-अमेरिका के बीच सुलह कराने की मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहा है, बल्कि भारत को भी गीदड़भभकी देने का अपना पिछला ही रिकॉर्ड दोहरा रहा है। 'फेल्ड मार्शल' आसिम मुनीर के पिट्ठू बने पाकिस्तानी नेता भारत को कोरी धमकी देकर खुशफहमी में जी रहे हैं। पाकिस्तान अब तक ऑपरेशन सिंदूर में हुए भारी नुकसान और तबाही का दर्द भुला नहीं पाया है। ईरान में पूरी तरह नाकाम डोनाल्ड ट्रंप के खासमखास बने मुनीर की शह पर पाकिस्तानी नेता भारत को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। भारत के साथ युद्ध की बातें कहने वाले पाकिस्तान के पास किस तरह के हथियार हैं, ये दुनिया से छुपा हुआ नहीं है। मुनीर की सेना के पास जंग लगी तोपें, और ऐसे हथियार हैं जो शायद कबाड़ की शोभा ही अधिक बढ़ा सकते हैं, भारत से युद्ध करने का माद्दा इनमें नहीं है। कई रिपोर्ट्स में भी साफ हो चुका है कि मुनीर ने किस तरह दूसरे देशों को भी कबाड़ हथियार थमाने की कोशिश की है।
मुनीर के सिपहसालारों की हवा-हवाई बातें (फोटो- एपी)
पाकिस्तान की नई गीदड़भभकी
दरअसल, बदहाल पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को गीदड़भभकी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर किसी भी प्रकार का संघर्ष होता है तो उसका जवाब कोलकाता में हमले से दिया जाएगा। ख्वाजा आसिफ ने लाहौर से लगभग 130 किलोमीटर दूर अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।
आसिफ ख्वाजा ने पहली बार इस तरह का बयान नहीं दिया है। वह पहले भी उल-जलूल बयानबाजी करते रहे हैं। इससे साबित होता है कि पाकिस्तान ने हवाबाजी की हदें पार कर दी हैं। ऑपरेशन सिंदूर का जख्म लिए बैठे पाकिस्तान की उकसावे वाली कोरी धमकियां उसके नेताओं की मानसिक स्थिति को बयां करती है। एक और जहां ईरान युद्ध के चलते होर्मुज संकट पैदा हो गया है, जिसने पूरी दुनिया खासकर एशिया में गैस-तेल की किल्लत पैदा कर दी है, पाकिस्तानी नेताओं का बयान किसी बचकानेपन से कम नहीं है।
बहरहाल, ये हकीकत भी जान लेते हैं कि पाकिस्तानी सेना के पास कबाड़ हथियार आए कहां से हैं, जिसके आधार पर वह भारत से टकराने की बात कहता है।
जंग लगी तोपें और कबाड़
कई रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के पास मौजूद हथियार, जिनमें फाइटर प्लेन और अन्य हथियार भी शामिल हैं, पुराने और कबाड़ की तरह बताए गए हैं। इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर में चीन के हथियारों की विफलता भी साफ दिखी। तमाम सबूतों से ये बात सामने आ गई कि चीन से मिले हथियार भी पाकिस्तान के लिए कारगर साबित नहीं हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में "ऑपरेशन सिंदूर" का जिक्र है, जिसमें भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के हथियार कबाड़ साबित होने का दावा किया गया है।
हालिया मीडिया रिपोर्टों और चर्चाओं के अनुसार, इसमें कई अहम बातें शामिल हैं-
चीन से मिले 'कबाड़' हथियार
कई रिपोर्टों और सैन्य विश्लेषकों का दावा है कि पाकिस्तान को चीन से जो हथियार मिल रहे हैं, उनकी गुणवत्ता बेहद कमजोर है। इसमें खराब टैंक, मिसाइलें और लड़ाकू विमान शामिल हैं जिन्हें "कबाड़" कहा जा रहा है। पाकिस्तान, जो चीन के हथियारों का सबसे बड़ा खरीदार है, 2020-2024 के बीच कुल निर्यात का 63% रहा, उसने भी खराब गुणवत्ता का सामना किया है।
भारत के खिलाफ ड्रोन-मिसाइलें फेल
पाकिस्तान ने भारतीय सीमा की ओर जो तुर्की और चीनी निर्मित ड्रोन और मिसाइलें भेजीं, उन्हें भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसानी से मार गिराया। कश्मीर-पंजाब सीमा पर उसके ड्रोन भी नाकाम साबित हुए। भारत ने चुन-चुनकर इन्हें ढेर किया।
ऑपरेशन सिंदूर का असर
भारतीय सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी हथियारों के नष्ट होने और उनके अप्रभावी होने की खबरें मीडिया में छाई रहीं, जहां उसके हथियारों को "टूटे खिलौने" और "कबाड़" बताया गया। पाकिस्तान का कोई भी हथियार भारत का मुकाबला नहीं कर पाया। इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान की कमर तोड़कर रख दी। भारतीय मिसाइलों की मचाई तबाही के बाद उसके कई सैन्य ठिकानों में अब भी मरम्मत का काम जारी है।ऑपरेशन सिंदूर का खौफ पाकिस्तान पर इस कदर हावी है कि वह अक्सर गीदड़भभकियों से अपनी कुंठा जाहिर करता है।
लीबिया के साथ 'धोखाधड़ी' वाली डील
मुनीर पर लीबिया के साथ पुराने हथियार बेचने का सौदा करने और गलत गुट के साथ डील करने का आरोप लगाया गया है। इन रिपोर्ट्स में पाकिस्तान की खराब आर्थिक स्थिति और उसके सैन्य हार्डवेयर की क्षमता पर सवाल उठाए गए हैं। : जनरल मुनीर पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने लीबिया के प्रतिबंधित गुटों को पाकिस्तान के पुराने और जंग लगे हथियार बेचने की कोशिश की।
कबाड़ ढोने वाला ट्रक है पाकिस्तान
खुद जनरल मुनीर ने एक बार पाकिस्तान की तुलना "बजरी से भरे डंप ट्रक" यानी कबाड़ ढोने वाले ट्रक से की थी, जबकि भारत को "चमचमाती मर्सिडीज" बताया था, जिसकी काफी आलोचना हुई। मुनीर ने अमेरिका में हुई एक बड़ी बैठक में इस तरह का उकसावे वाला बयान दिया था। यानी मुनीर ने खुद ही मान लिया कि पाकिस्तान एक बजरी ढोने वाला ट्रक है जबकि भारत तेजी से भागती हुई मर्सिडीज।
