By-Elections in Four States : चार राज्यों में विधानसभा की पांच सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है। इन सीटों पर मतदान के लिए चुनाव आयोग ने रविवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। गुजरात में विधानसभा की दो सीटें, केरल, पश्चिम बंगाल और पंजाब में एक-एक सीट पर 19 जून को वोट डाले जाएंगे जबकि चुनाव नतीजे 23 जून को आएंगे। खास बात यह है कि ये उपचुनाव 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद होने जा रहे हैं। क्या इसका असर इन सीटों के चुनाव नतीजों पर पड़ेगा, यह देखने वाली बात होगी। इन पांच में कुछ सीटों पर मुकाबला आमने-सामने को तो कहीं त्रिकोणीय माना जा रहा है।
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर 19 जून को होगा मतदान।
इन सीटों पर हो रहा उपचुनाव
गुजरात में कडी और विसावदर सीट पर उपचुनाव होगा। कडी सीट पर उपचुनाव विधायक करसनभाई पुंजाभाई सोलंकी के निधन की वजह से हो रहा है। जबकि विसावदर सीट पर उपचुनाव मौजूदा सदस्य भयानी भूपेंद्रभाई गंडूभाई के इस्तीफे के कारण हो रहा है। केरल में पी.वी. अनवर के इस्तीफे की वजह से नीलांबुर सीट पर उपचुनाव होगा, जबकि पंजाब की लुधियाना सीट पर मौजूदा सदस्य गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के कारण उपचुनाव होगा। पश्चिम बंगाल में कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव मौजूदा विधानसभा सदस्य नसीरुद्दीन अहमद के निधन के कारण हो रहा है। लुधियाना पश्चिम सीट जनवरी में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद रिक्त हो गई थी।
गुजरात
कडी सीट
विसावदर सीट
केरल
नीलांबुर सीट
पंजाब
लुधियाना सीट
पश्चिम बंगाल
कालीगंज सीट
गुजरात में त्रिकोणीय मुकाबले की उम्मीद
गुजरात के विसावदर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (आप) पहले ही इस सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है, लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन में आप की सहयोगी कांग्रेस ने कहा है कि वह उपचुनाव अकेले लड़ेगी। इन दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। इस सीट पर AAP भी अपना पूरा दम-खम लगा रही है, इससे मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है। इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी जीत का दावा किया है।
AAP ने इटालिया को बनाया उम्मीदवार
आप ने विसावदर सीट से गोपाल इटालिया को उम्मीदवार घोषित किया है। मेहसाणा में पत्रकारों से बात करते हुए गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि गुजरात की जनता कांग्रेस या किसी भी अन्य पार्टी को नकार देगी। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों सीट पर हजारों वोटों की बढ़त के साथ जीत हासिल करेंगे।’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि उनकी पार्टी ने उपचुनावों की तैयारी काफी पहले ही शुरू कर दी थी। कांग्रेस ने दोनों सीट के लिए उम्मीदवारों का चयन करने के लिए पर्यवेक्षकों के एक पैनल की घोषणा की है।
बंगाल की कालीगंज सीट पर चुनाव
जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट दिसंबर 2023 से खाली है, जब तत्कालीन आप विधायक भूपेंद्र भयानी इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे, जबकि मेहसाणा की कड़ी सीट (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद चार फरवरी से रिक्त है। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 161, कांग्रेस के 12, समाजवादी पार्टी का एक, आप के चार और दो निर्दलीय विधायक हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज सीट तृणमूल विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के कारण यह सीट खाली हुई। इस सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं।
लुधियाना सीट पर दांव पर है मान सरकार की प्रतिष्ठा
पंजाब की लुधियाना सीट पर उम्मीदवार की घोषणा करने वाली AAP पहली राजनीतिक पार्टी है। इसने उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा है, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने परुपकर सिंह घुम्मन को उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर भी त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। पंजाब में AAP की सरकार है और मान सरकार कई मोर्चों पर विपक्ष के आरोपों का सामना कर रही है। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 में होंगे। ऐसे में इस सीट पर मान सरकार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
