बॉलीवुड कलाकार राजकुमार राव को लेकर बीते दिनों ही ऐसी खबरें आई थीं कि वो डायरेक्टर आदित्य नांबलकर के साथ डार्क कॉमेडी मूवी के लिए हाथ मिलाने वाले हैं। इस फिल्म को राजकुमार राव और नेटफ्लिक्स साथ में मिलकर बनाने वाले थे। नेटफ्लिक्स के साथ राजकुमार राव की ये डील फाइनल हो चुकी है और इसके साथ-साथ उनके हाथ में एक और बड़ी सफलता लगी है। असल में राजकुमार राव (Rajkummar Rao) ने आदित्य नांबलकर की मूवी के साथ-साथ डायरेक्टर विवेक दास की भी एक मूवी साइन की है, जिसको नेटफ्लिक्स के साथ ही बनाया जाएगा।
सूत्र ने पिंकविला से बात करते हुए कहा है राजकुमार इन दोनों फिल्मों के साथ न केवल एक एक्टर के तौर पर बल्कि एक प्रोड्यूसर के तौर भी जुड़ने जा रहे हैं। सूत्र के अनुसार, 'राजकुमार राव ने विवेक दास और आदित्य नांबलकर की फिल्में साइन की हैं, जिसे वो अपने बैनर तले बनाएंगे और नेटफ्लिक्स उनकी सहायता करेगा। नेटफ्लिक्स के साथ राजकुमार राव की पेपर डील हो चुकी है। राजकुमार राव इन फिल्मों की शूटिंग दिसम्बर 2024 से जून 2025 तक शुरू कर देंगे।'
इन फिल्मों के साथ राजकुमार राव एक निर्माता के तौर पर अपना सफर शुरू करेंगे। सूत्र ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'आदित्य नांबिलकर की फिल्म का नाम टोस्टर होगा तो वहीं विवेक दास की फिल्म का नाम अभी तक फाइनल नहीं किया गया है।' विवेक दास की फिल्म में राजकुमार राव के साथ सान्या मल्होत्रा, सीमा पाहवा और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार दिखाई देंगे। राजकुमार राव ने इंडस्ट्री में बाहर से आकर बड़ा मुकाम बनाया है। एक एक्टर के तौर पर पहचान बनाने के बाद वो अब एक निर्माता के तौर पर भी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। अगर सबकुछ सही रहता है तो राजकुमार राव को होम प्रोडक्शन तले कई और फिल्मों का निर्माण करते देखा जा सकता है।
