Tejasswi Prakash Reveals Her Parents Wanted Her To Be In Live In With Karan Kundrra: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश और एक्टर करण कुंद्रा की जोड़ी लोगों को खूब पसंद है। दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत बिग बॉस 15 से हुई थी और तब से आज तक करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश अपनी केमिस्ट्री और अंदाज से लोगों का खूब दिल जीतते हैं। करण कुंद्रा (Karan Kundrra) और तेजस्वी प्रकाश लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। लेकिन हाल ही में एक्ट्रेस ने इस बात का खुलासा किया है कि उन्हें लिव-इन में रहने के लिए खुद उनके मम्मी-पापा ने कहा था। तेजस्वी प्रकाश ने इस बात का कारण भी साझा किया है।
तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके मम्मी-पापा चाहते थे कि वह करण कुंद्रा (Karan Kundrra) के साथ लिव-इन में रहें। तेजस्वी प्रकाश ने इसका कारण साझा करते हुए लिखा, "ये खासतौर पर मेरे आखिरी ब्रेकअप के बाद हुआ। मेरे मम्मी-पापा चाहते थे कि मैं ये करूं। उनका कहना था कि तुम्हें रहना पड़ेगा, बाकी किसी का हमें नहीं पता, लेकिन तुम्हें तय करना होगा क्योंकि तुम्हारा मन बहुत चंचल है। मेरा परिवार राजी था और करण का भी। तो पहले तो ये पूरी तरह से लिव-इन नहीं है, क्योंकि मैं किसी दूसरे राज्य से नहीं हूं या यहां किराए पर नहीं रहती।"
तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) ने करण कुंद्रा (Karan Kundrra) संग लिव-इन रिलेशनशिप के बारे में आगे कहा, "मैं मुंबई की रहने वाली हूं और मेरा मुंबई में भी अपना घर है। तो जब भी मेरे घर के पास शूटिंग होती है तो मैं वहां रहती हूं और जब मुझे चिल करना होता है तो मैं करण के घर चली जाती हूं। उनका घर बांद्रा में है और मेरा गोरेगांव में। तो मेरा काम अगर फिल्मसिटी में है तो मैं अपने घर रहती हूं और अगर वो बांद्रा के आसपास है तो मैं उनके घर चली जाती हूं।" तेजस्वी प्रकाश ने बताया कि करण कुंद्रा कई बार उनके घर उनके मम्मी-पापा के साथ रह चुके हैं और वह खुद भी करण के परिवार के साथ रह चुकी हैं।
