Arjit Taneja And Twinkle Arora On Jhanak Going Off Air Or Not: टीवी के चर्चित सीरियल 'झनक' ने दर्शकों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। 'झनक' ने साल 2023 में टीवी पर दस्तक दी थी। शुरुआत में तो शो को काफी अच्छी टीआरपी हासिल हुई, लेकिन अब 'झनक' की टीआरपी इस कदर गिर गई है कि बीते दिन शो पर ताला लगने की खबर तक आई थी। बताया जा रहा है कि जनरेशन लीप और स्टार कास्ट में बदलाव के बाद भी 'झनक' (Jhanak) की स्थिति बदलने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में चैनल ने 'झनक' का पत्ता काटकर दूसरे अपकमिंग शोज के लिए रास्ता बनाने का फैसला किया है। लेकिन अब इन अफवाहों पर इसके लीड कलाकार अर्जित तनेजा और ट्विंकल अरोड़ा ने चुप्पी तोड़ी है।
फोटो क्रेडिट- thetwinklearora / जियो हॉटस्टार
'झनक' (Jhanak) के ऑफ एयर होने की खबर वायरल होते ही मीडिया ने लीड एक्टर अर्जित तनेजा और एक्ट्रेस ट्विंकल अरोड़ा से जुड़ने की कोशिश की। अर्जित तनेजा ने 'झनक' के ऑफ एयर होने की खबर को पूरी तरह के खारिज किया। उन्होंने इस सिलसिले में कहा, "शो बिल्कुल भी बंद नहीं हो रहा है। लेकिन इसके नए टाइम स्लॉट के बारे में हमें नहीं मालूम।" वहीं दूसरी ओर ट्विंकल अरोड़ा ने शो के ऑफ एयर होने की खबर पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा, "हमें अभी तक मेकर्स की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।"
खबरों की मानें तो कलर्स पर आने वाले सीरियल 'ईशानी' और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी रीबूट' को जगह देने के लिए चैनल 'झनक' (Jhanak) पर ताला लगा सकता है। साथ ही इसे एक महीने में ही बंद कर सकता है। हालांकि मेकर्स की ओर से मामले पर कोई भी आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। ऐसे में शो बंद होगा या नहीं, इसपर भी कुछ कहना मुश्किल है।
