Rajpal Yadav Came Forward To Help Gurmeet Choudhary: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजपाल यादव ने अपनी एक्टिंग से लोगों का खूब मनोरंजन किया है। राजपाल यादव को उनकी कॉमिक टाइमिंग और जबरदस्त एक्टिंग के लिए खूब जाना जाता है। लेकिन इन दिनों राजपाल यादव परेशानियों से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस केस के कारण राजपाल यादव दिल्ली के तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। राजपाल यादव को यूं परेशानी में देख सोनू सूद मदद के लिए आगे आए। वहीं लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने भी राजपाल यादव की लाखों की मदद करने का फैसला किया। एक्टर को मजबूरी में घिरा देख अब टीवी एक्टर गुरमीत चौधरी ने भी उनकी मदद करने की कोशिश की है। गुरमीत चौधरी (Gurmeet Choudhary) खुद तो राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए ही, साथ ही उन्होंने बाकी कलाकारों, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर से भी एक्टर की मदद करने की अपील की है।
फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
गुरमीत चौधरी (Gurmeet Choudhary) ने बीते मंगलवार को एक्ट (ट्विटर) पर एक ट्वीट साझा किया, जिसमें एक्टर ने बताया कि राजपाल यादव की परेशानी देख उनका दिल टूट गया। एक्टर ने लिखा, "इस चीज से मेरा दिल टूट रहा है कि राजपाल यादव जैसा एक सीनियर और टैलेंटेड कलाकार इतनी परेशानियों से गुजर रहा है। उन्होंने बहुत सारी मुस्कान, हंसी और कभी न भूलने वाले पल दिये हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है। एक साथी कलाकार और इंसान होने के नाते मैं उनकी मदद के लिए आगे आ रहा हूं। मुझसे जो बन पड़ेगा मैं वो करूंगा। मैं सभी प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और हमारी फिल्म फैटरनिटी से अनुरोध करता हूं कि एक साथ आते हैं और इंसानियत के नाते कोई सुझाव निकालते हैं।"
गुरमीत चौधरी (Gurmeet Choudhary) यहीं नहीं रुके। उन्होंने राजपाल यादव के लिए आगे लिखा, "हमारी इंडस्ट्री एक परिवार है और परिवार अपनों को यूं ही नहीं छोड़ता है।" बता दें कि राजपाल यादव ने साल 2010 में एक फिल्म 'अता पता लापता' बनाई थी, जिसके लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। हालांकि वह इस लोन को नहीं चुका पाए। बहुत बार एक्टर व उनकी पत्नी की ओर से जारी किये गए चेक बाउंस भी हो गए, जिसके बाद एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई।
