Bandra Magistrate Court Issues Show Cause Notice In Ekta Kapoor Case: डेली सोप क्वीन और फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर ने मनोरंजन की दुनिया में जबरदस्त मुकाम हासिल किया है। उन्होंने टीवी को कई ऐतिहासिक शो दिये। वहीं ओटीटी पर एकता कपूर द्वारा प्रोड्यूस किये गए बोल्ड कंटेंट खूब सुर्खियां बटोरते हैं। हालांकि ऑल्ट बालाजी से जुड़े कंटेंट के कारण ही एकता कपूर कानूनी पचड़ों में भी फंस चुकी हैं। साल 2020 में हिंदुस्तानी भाऊ यानी विकास पाठक ने एकता कपूर के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने एकता कपूर (Ekta Kapoor) और उनके ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी के खिलाफ भारतीय सेना का अपमान करने का आरोप लगाया था। इस मामले में अब बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मुंबई पुलिस को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह भी पढ़ें: Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 में इस TV एक्टर की हुई एंट्री, एकता कपूर ने दिया था पहली ब्रेक
पीटीआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस को आदेश मिला था कि वे मामले की जांच रिपोर्ट 9 मई, 2025 तक जमा कराएंगे। लेकिन पुलिस ने डेडलाइन पार करने के बाद भी रिपोर्ट दाखिल नहीं की, जिसपर बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट ने शुक्रवार को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने मुंबई पुलिस से देरी का कारण पूछा, साथ ही उसकी व्याख्या करने के लिए भी कहा। बता दें कि एकता कपूर के ऑल्ट बालाजी के एक वेब शो में एक शख्स को सेना की वर्दी और राष्ट्रीय प्रतीक लगाकर अवैध यौनिक कार्य में शामिल होते हुए दिखाया गया था। इस बात को लेकर हिंदुस्तानी भाऊ ने एकता कपूर के खिलाफ केस दर्ज कराया।
हिंदुस्तानी भाऊ ने एकता कपूर (Ekta Kapoor) के खिलाफ शिकायत में कहा, "आरोपी बहुत ही नीचे गिर गया है और भारतीय सेना की वर्दी में मौजूद शख्स को अवैध यौनिक चीजों में दिखाकर हमारे देश के गौरव और गरिमा को निशाना बना रहा है।" बता दें कि बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मामले में खार पुलिस को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 202 के तहत जांच करने के आदेश दिये थे।
