Bigg Boss Season 16 Sajid Khan: बिग बॉस सीजन 16 में साजिद खान के हिस्सा लेने पर काफी विवाद हो रहा है। साजिद खान पर कई एक्ट्रेस ने मी टू कैंपेन के तहत गंभीर आरोप लगाए थे। शो से उन्हें निकालने की मांग कर रहे हैं। वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि साजिद पर मेकर्स कुछ फैसला ले सकते हैं। हालांकि, ताजा अपडेट के मुताबिक मेकर्स का साजिद को निकालने का कोई इरादा नहीं है। गौरतलब है कि एक्ट्रेस अहाना कुमरा, मंदना करीमी, शर्लिन चोपड़ा ने साजिद खान पर छेड़छाड़ और शोषण के आरोप लगाए थे।
कोईमोई की रिपोर्ट के मुताबिक साजिद खान तभी घर से बेघर होंगे जब उन्हें नोमिनेट किया जाएगा। इसके अलावा यदि वह घर के अहम नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उन्हें शो से निकाला जाएगा। आपको बता दें कि शहनाज गिल, कश्मीरा शाह ने साजिद खान को सपोर्ट किया था। हालांकि, इन सभी एक्ट्रेस को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। वहीं, शर्लिन चोपड़ा ने वीडियो जारी कर सलमान खान से अपील की थी कि वह साजिद खान को अपने शो से बाहर का रास्ता दिखा दें।
राखी सावंत ने किया था सपोर्ट
ई टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक साजिद खान जल्द ही शो छोड़ सकते हैं। वहीं, बिग बॉस की कंटेस्टेंट रही राखी सावंत ने साजिद खान का सपोर्ट किया है। राखी सावंत ने कहा, 'पूरी दुनिया एक तरफ हो जाए, फिर भी मैं अकेले साजिद खान को सपोर्ट इसलिए करुंगी कि अभी तक उनका जो है वो चार साल से साबित नहीं हुआ है। वह डिप्रेशन में थे। खुदा ने मुझे बनाया है। जो बेकसूर हैं उनका साथ देने के लिए। अगर कोई कसूरवार ठहरता है, तो मैं भी चप्पल लेकर खड़ी हूं फिर।'
आपको बता दें कि साल 2018 में इंडियन फिल्म टेलीविजन डायरेक्टर एसोसिएशन ने साजिद खान के फिल्म डायरेक्ट करने पर बैन लगा दिया था। हालांकि, दिसंबर 2019 में इस फैसले को पलट दिया गया था।
