Ram Charan- Janhvi Kapoor At Times Now The Newshour: साउथ एक्टर राम चरण (Ram Charan) और एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म पेड्डी (Peddi) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म पेड्डी को लेकर एक के बाद एक अपडेट सामने आ रहे हैं। इन सब के बीच राम चरण और जाह्नवी कपूर का एक इंटरव्यू सामने आया है, जो उन्होंने Times Now को दिया है। इस इंटरव्यू के दौरान राम चरण और जाह्नवी कपूर ने अपनी फिल्म के साथ-साथ पर्सनल लाइफ से जुड़े मुद्दों पर बात की। तो चलिए जानते हैं कि राम चरण और जाह्नवी कपूर ने इस दौरान क्या कहा है, जिसको लेकर इतनी चर्चा हो रही है। (ये भी पढ़ें: 'Peddi' को लेकर राम चरण ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की चर्चा, इस दिन रिलीज होगी फिल्म)
'हेल्लाल्लालो' गाने के विवाद पर तोड़ी चुप्पी
फिल्म पेड्डी के गाने को लेकर हुए विवाद पर जाह्नवी कपूर और राम चरण ने खुलकर अपनी बात रखी है। टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ The Newshour में खास बातचीत के दौरान जाह्नवी ने कहा, 'मुझे एहसास ही नहीं था कि इस गाने पर ऐसा रिएक्शन आएगा, इसलिए शायद मैं इससे अनजान थी। लेकिन सच कहूं तो मुझे लगता है कि एक एक्टर का काम अपने डायरेक्टर और उनकी सोच पर भरोसा करना होता है। फिल्म की कहानी और जिन किरदारों की दुनिया में ये गाना रखा गया है, उसे देखते हुए मुझे लगा कि ये सही था। मुझे ये गाना अश्लील नहीं लगा। मुझे तो ऐसा लगा कि हम बस डांस कर रहे थे।' इस पर राम चरण ने कहा, 'जब हम यह गाना शूट कर रहे थे, तब हमें ऐसा बिल्कुल महसूस नहीं हुआ। हमारी नीयत पूरी तरह साफ थी। हम सिर्फ वही कर रहे थे जो किरदार और गाने की जरूरत थी। हमने कभी भी कोई ऐसी चीज नहीं की कि लगे, 'क्या बच्चे इसे देखकर कुछ ऐसा देखेंगे जो उन्हें नहीं देखना चाहिए?' (ये भी पढ़ें: 'धुरंधर 2' के रिकॉर्ड की मिट्टी में मिला देगी Ram Charan की 'Peddi', इन 5 फिल्मों ने की थी रिकॉर्ड तोड़ कमाई)
असहज हुई थी जाह्नवी कपूर?
जब जाह्नवी से पूछा गया कि क्या इस गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ था, तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। जाह्नवी ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मेरे डायरेक्टर ने इस गाने को उस सोच के साथ बनाया था। मेरे लिए यह सिर्फ एक डांस था और उस डांस की एनर्जी थी। मैंने हिंदी फिल्मों में भी ऐसा डांस देखा है और वेस्टर्न पॉप कल्चर में भी। वहां भी लोग खुलकर अपने इमोशन्स दिखाते हैं। अगर उसमें आपकी अपनी मर्जी और आपकी अपनी चॉइस है, तो मुझे नहीं लगता कि उससे किसी को परेशानी होनी चाहिए। जब तक देखने वाला सिर्फ ऑब्जेक्टिफाई करने वाली नजर से न देख रहा हो। सिर्फ मैं ही ऐसा डांस नहीं कर रही थी, न ही श्रुति। राम चरण भी वही स्टेप्स कर रहे थे। इसलिए मुझे लगता है कि खोट देखने वालों की नजर में है।' वहीं राम चरण ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि यह गाना लोगों तक इस तरह कैसे पहुंचा। लेकिन हमारी मंशा ऐसी बिल्कुल नहीं थी। अगर हमारा इरादा वही होता और लोगों ने भी वही देखा होता, तो मुझे चिंता होती। लेकिन हमारा इरादा बिल्कुल भी ऐसा नहीं था।'
स्टारकिड होने से कोई फायदा मिला?
बातचीत के दौरान जब राम चरण से पूछा गया कि फिल्मी परिवार से आने का उन्हें क्या फायदा मिला, तो उन्होंने कहा, 'बचपन से मैंने कभी इन चीजों को न फायदा माना और न नुकसान। मैंने कभी इस नजरिए से सोचा ही नहीं। सच कहूं तो कई बार अनजान रहना ही अच्छा होता है। मुझे स्टारडम या बड़े फिल्मी परिवार वाली बातों का ज्यादा एहसास ही नहीं था। मैं हमेशा वही करता था जो करना चाहता था। परिवार ने भी कभी मुझ पर कुछ करने का दबाव नहीं डाला।' राम चरण ने आगे कहा कि किसी वजह से चिरंजीवी ने अपने स्टारडम को कभी घर के माहौल का हिस्सा नहीं बनने दिया।
जाह्नवी कपूर ने दिया ये रिएक्शन
वहीं जाह्नवी कपूर ने भी अपनी मां श्रीदेवी को लेकर दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें काफी समय तक इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि उनकी मां कितनी बड़ी स्टार थीं। जाह्नवी ने कहा, 'मुझे सच में इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि मां ने अपने करियर में कितना कुछ हासिल किया था और क्या-क्या किया था। इसकी एक वजह यह भी थी कि वह खुद बहुत शर्मीले स्वभाव की थीं। उन्होंने चार साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था, इसलिए जब उन्होंने परिवार और घरेलू जिंदगी को पूरी तरह अपनाने का फैसला किया, तो वह बदलाव भी पूरी तरह से करना चाहती थीं।' जाह्नवी ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि मां ने अपनी प्रोफेशनल लाइफ वाले चैप्टर को कहीं पीछे छोड़ दिया था। उनका पूरा ध्यान सिर्फ मां और पत्नी की जिम्मेदारियों पर था। मैंने हमेशा उन्हें उसी रूप में देखा।'
