Honey Singh on Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर हनी सिंह (Honey Singh) इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं। कुछ समय पहले हनी सिंह पर मारपीट और किडनैपिंग के आरोप लगाए गए थे, जिसके चलते उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हो गई थी। सिर्फ इतना ही नहीं हाल ही में गर्लफ्रेंड टीना थडानी संग ब्रेकअप की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसके बाद अब अपने बयान के चलते हनी सिंह खबरों में आ गए हैं। हाल ही में हनी सिंह बिग बॉस 13 फेम शहनाज गिल के टॉक शो में नजर आए हैं। जहां उन्होंने सिंगर दिलजीत दोसांझ को लेकर बड़ा बयान दिया है। हनी सिंह ने सिंगर दिलजीत दोसांझ पर उन्हें एक एल्बम के लिए क्रेडिट न देने के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद अब फैंस को लग रहा है कि इंडस्ट्री में एक और कोल्ड वॉर शुरू हो सकती है। आइए हनी सिंह के पूरे बयान पर एक नजर डालते हैं।
honey singh on diljit doshanjh
'उस एल्बम को मैंने डिजाइन किया था'
शहनाज गिल के शो में बात करते हुए हनी सिंह ने कहा, 'मैंने कभी क्रेडिट के लिए काम नहीं किया है। मैंने अपने लिए और खुद को खुश करने के लिए काम किया है। मैं किसी और को खुश करने के लिए गाने नहीं बनाता, मैं गाने तभी रिलीज करता हूं जब मुझे वो पसंद आते हैं।'
इसके साथ ही दिलजीत के बारे में बात करते हुए हनी सिंह ने कहा, ' साल 2007 में जब मैं पंजाब में शिफ्ट हुआ, तब से मैं 2007-2012 के बीच एक म्यूजिक प्रोड्यूसर की तरह काम कर रहा था और मेरे कई एल्बम हिट हो गए। मैंने दिलजीत का एल्बम 'द नेक्स्ट लेवल' किया था। इसे एक साल तक मैंने डिजाइन किया था। मुझे इसका ज्यादा क्रेडिट नहीं मिला। लेकिन मैं क्रेडिट के लिए काम नहीं करता।'
बता दें कि हनी सिंह के इस कमेंट के बाद फैंस का गुस्सा उनपर फूट रहा है, कई सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि हनी सिंह अब अपने दम पर कोई हिट गाना नहीं बना पा रहे हैं।
