Badshah gets threat:सिंगर-रैपर बादशाह का विवादों से गहरा नाता रहा है। अब एक बार फिर से वो विवादों में फंस गए हैं। उनके नए सॉन्ग टटीरी में कई विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिस पर बवाल काफी बढ़ गया है। हाल ही में बादशाह ने एक वीडियो शेयर कर सभी से माफी भी मांगी थी। इस बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथी बताए गए लोगों ने बादशाह को जान से मार देने की धमकी दी है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
pic credit-instagram
बादशाह को मिली धमकी
रैपर-सिंगर बादशाह अपने नए गाने टटीरी के बाद विवादों में घिर गए हैं। गाने के बोल और वीडियो को कई लोगों ने आपत्तिजनक और अश्लील बताया है, खासकर हरियाणा में इसका खूब विरोध हुआ। रविवार को सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथी बताए गए लोगों ने बादशाह को मौत की धमकी दी। पोस्ट रणदीप मलिक अनिल पंडित नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था। इसमें लिखा था कि बादशाह ने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की। 2024 में क्लब में उन्हें पहले चेतावनी दी गई थी, अब सीधे माथे पर गोली मारेंगे। पोस्ट में पानीपत की हालिया फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली गई।
pic credit-facebook viral post
बादशाह ने मांगी थी माफी
बादशाह ने पहले ही इंस्टाग्राम पर माफी मांगी थी और कहा था कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। बादशाह ने कहा था, 'मेरा नया गाना रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि इसके बोल और विजुअल्स ने खासकर हरियाणा के लोगों को बहुत दुख पहुंचाया है। सबसे पहले मैं ये कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं। जो मुझे जानते हैं, वे जानते हैं कि मेरी पूरी पहचान हरियाणा से जुड़ी है। मैं एक गर्वित हरियाणवी हूं। मैं हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां गाने में कॉम्पिटिशन दिखाने के लिए ऐसे बोल इस्तेमाल होते हैं, लेकिन ये कभी महिलाओं या बच्चों के लिए नहीं थे। मैंने हमेशा हरियाणा की संस्कृति को ऊपर उठाने की कोशिश की है। अगर किसी को दुख पहुंचा है, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझे हरियाणा का बेटा मानकर माफ कर दें।'
