The Bhootnii Box Office Collection Day 4: बॉलीवुड से लेकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री में बनी फिल्मों ने 1 मई के दिन सिनेमाघरों में दस्तक दी। इन फिल्मों में से एक बॉलीवुड सुपरस्टार संजय दत्त की हॉरर कॉमेडी 'द भूतनी' भी थी। ट्रेलर देखने के बाद ऐसा लग रहा था कि लोगों की बड़ी भीड़ फिल्म 'द भूतनी' को देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करेगी लेकिन हुआ बिलकुल उल्टा। फिल्म क्रिटिक्स और ऑडियंस की ओर 'द भूतनी' (The Bhootnii) को खास रिव्यू नहीं मिले हैं, जिसका सीधा असर इसके कलेक्शन पर देखने को मिल रहा है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर यह मूवी स्ट्रगल कर रही है। 4 दिनों में संजय दत्त (Sanjay Dutt) की 'द भूतनी' 4 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है।
Sacnilk के मुताबिक संजय दत्त स्टारर 'द भूतनी' ने शनिवार के दिन 86 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। 'द भूतनी' के रविवार के कलेक्शन में थोड़ी ग्रोथ देखने को मिली। फिल्म ने 1.2 करोड़ रुपये कमाए। सिद्धांत सचदेव के निर्देशन में बनकर तैयार हुई इस मूवी ने 3.33 करोड़ रुपये का बिजनेस 4 दिनों में किया है। वीक डेज में 'द भूतनी' की कमाई में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स ने इस मूवी को बनाने में लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
संजय दत्त के अलावा फिल्म 'द भूतनी' में सनी सिंह, मौनी रॉय और पलक तिवारी सहित कई कलाकार अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। 1 मई के दिन 'द भूतनी' के साथ अजय देवगन की फिल्म 'रेड 2' ने भी सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। 4 दिनों में 'रेड 2' का कलेक्शन 72.31 करोड़ रुपये हो गया है।
