रणबीर कपूर की 'रामायण' (Ramayana) ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखा दी है। भगवान राम की कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। यही वजह है कि फिल्म को रिलीज हुए अभी सिर्फ चार दिन हुए हैं और इसने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अब फिल्म 500 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से महज कुछ कदम दूर है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-453 करोड़ की कमाई करने वाली Hanuman Ansh अब घर बैठे देख सकेंगे दर्शक, जानें कब होगी रिलीज)
रामायण ने मचाया धमाल (pic credit-ramayana film)
रामायण ने मचाया धमाल
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' ने चौथे दिन भी शानदार कमाई की। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को भारत में 56.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशी बाजार में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। विदेशों में फिल्म ने अब तक 214 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर 'रामायण' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 499.20 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यानी रणबीर कपूर और यश की इस फिल्म को 500 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री करने के लिए सिर्फ 80 लाख रुपये और कमाने हैं। भारत में भी फिल्म 300 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है।
खास बात यह है कि 'रामायण' के दोनों पार्ट्स का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा रवि दुबे, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म के बिहाइंड द सीन्स वीडियो में रणबीर ने भगवान राम का किरदार निभाने के अनुभव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भगवान राम की सबसे बड़ी ताकत उनका धनुष नहीं, बल्कि उनकी क्षमा करने की शक्ति है। रणबीर के मुताबिक, यह उनके लिए सिर्फ एक फिल्म का रोल नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद इस कहानी पर लोगों के भरोसे के लायक बनना है।
