Kantara Chapter 1 beats Chhaava: साउथ कलाकार ऋषभ शेट्टी (Rishabh Shetty) की नई फिल्म कांतारा चैप्टर 1 को मेकर्स ने 2 अक्टूबर के मौके पर दर्शकों के सामने पेश किया था, जिससे अच्छी कमाई की उम्मीद की जा रही थी। फिल्म कांतारा चैप्टर 1 ने न केवल शानदार शुरुआत की थी बल्कि रिलीज के 29 दिनों के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ने का काम कर रही है। ट्रेड की दुनिया से सामने आए आंकड़ों के अनुसार, ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा ने अपने खाते में 29वें दिन 2.25 करोड़ रुपये जोड़े, जिसको मिलाकर इसकी कुल कमाई 601.55 करोड़ रुपये हो गई है। कांतारा चैप्टर 1 ने जैसे ही 600 करोड़ का आंकड़ा पार किया, वैसे ही ये साल 2025 की हाईएस्ट ग्रोसर बन गई है। इसने विक्की कौशल की ब्लॉकबस्टर मूवी छावा को पछाड़ दिया है और ये खिताब अपने नाम किया है।
Image Source: Kantara/Chhaava
विक्की कौशल की छावा ने की थी 2025 में रिकॉर्डतोड़ कमाई
दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म्स की छावा (Chhaava) ने साल 2025 में बेहद शानदार कारोबार किया था। छावा की कमाई 600 करोड़ के पार रही थी, जो न केवल साल 2025 की बल्कि विक्की कौशल की भी सबसे बड़ी हिट मूवी थी। छावा की रिलीज के काफी समय तक ये खिताब कोई भी फिल्म अपने नाम न कर सकी लेकिन गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हुई ऋषभ शेट्टी की कांतारा ने ये रिकॉर्ड तोड़ दिया और 29वें दिन 601 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के साथ आई थी कांतारा चैप्टर 1
2 अक्टूबर के मौके पर सिर्फ ऋषभ शेट्टी की कांतारा चैप्टर 1 ही रिलीज नहीं हुई थी। धर्मा प्रोडक्शन्स ने अपनी रॉम-कॉम सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी भी गांधी जयंती पर ही दर्शकों के सामने रिलीज की थी। वरुण और जाह्नवी जैसे स्टार्स के बावजूद भी सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार नहीं कर पायी और कांतारा चैप्टर 1 के सामने पहले वीकेंड के बाद नतमस्तक हो गई। कांतारा चैप्टर 1 संग क्लैश करके सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हिन्दी भाषा की न होकर भी कांतारा चैप्टर 1 ने जिस तरह से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है, वो दिखाता है कि कंटेंट ही किंग है।
