Twinkle Khanna Reveals Shocking Story About Rishi Kapoor To Alia Bhatt: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना और एक्ट्रेस काजोल ने एक टॉक शो की शुरुआत की है, जिसका नाम 'टू मच' है। इस टॉक शो में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे ट्विंकल खन्ना और काजोल के मेहमान बन चुके हैं। वहीं हाल ही में आलिया भट्ट और वरुण धवन, ट्विंकल खन्ना और काजोल के शो में पहुंचे। जहां दोनों ने अपने करियर के साथ-साथ निजी जिंदगी से जुड़ी भी खूब सारी बातें कीं। वहीं इस बीच ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) ने भी ऋषि कपूर से जुड़ा ऐसा वाकया बताया, जिसे सुनकर आलिया भट्ट भी असहज हो गईं। ट्विंकल खन्ना ने बताया कि इस वाकये की वजह से ऋषि कपूर जमकर ट्रोल भी हुए थे।
फोटो क्रेडिट- ट्विंकल खन्ना इंस्टाग्राम, टू मच वीडियो
दरअसल, काजोल और ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) के शो 'टू मच' में आलिया भट्ट और वरुण धवन ने ऋषि कपूर का जिक्र किया। आलिया भट्ट ने बताया कि कैसे 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' की शूटिंग के दौरान उन्होंने ऋषि कपूर संग वक्त बिताया था। शूटिंग के बाद वह सबको एक साथ डिनर के लिए बुलाया करते थे। इसी बीच आलिया भट्ट ने कहा कि उन्हें ऋषि कपूर की बहुत याद आती है। एक्ट्रेस ने बताया कि राहा में भी ऋषि कपूर की झलक है और उसकी कई बातें अपने दादा जी जैसी ही हैं। आलिया भट्ट की बातें सुनकर ट्विंकल खन्ना ने भी ऋषि कपूर से जुड़ा मजेदार किस्सा साझा किया।
ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) ने आलिया भट्ट और वरुण धवन से किस्सा साझा करते हुए कहा, "मैं आलिया के ससु जी की वजह से लगभग कपूर बन गई थी। मेरे जन्मदिन पर उन्होंने बहुत प्यार से ट्वीट किया, "तुम जानती हो, जब तुम अपनी मां के पेट में थी तो मैं उनके लिए गाना गाया करता था।" तो हर किसी को लगा कि मैं उनकी नाजायज बेटी हूं। इस चीज के लिए वह ट्रोल हो गए और उन्हें सफाई देने के साथ-साथ माफी भी मांगनी पड़ी।" ट्विंकल खन्ना की बातें सुनकर आलिया भट्ट भी हैरान हो गईं। वहीं काजोल ने भी एक्ट्रेस के एक्सप्रेशंस की ओर इशारा किया। इसपर ट्विंकल खन्ना ने तुरंत कहा, "मैं तुम्हारी ननद नहीं हूं, ये बस एक गलती थी।" वहीं आलिया भट्ट ने भी इस बात पर खिल्ली उड़ाते हुए कहा, "आलिया को समझ नहीं आ रहा कि वो कैसे रिएक्शन दे।"
