Top 7 Entertainment News of The Day: आज 17 जनवरी 2026 है और एंटरटेनमेंट की दुनिया में कई रोचक खबरें छाई हुई हैं। बॉलीवुड में फिल्मों की कास्टिंग और रिलीज को लेकर लगातार हलचल मची हुई है। कुछ ऐसी खबरें भी आईं जिन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। खासकर ए आर रहमान का आज दिया गया बयान सुनकर बी-टाउन में खलबली मच गई। 'धमाल 4' की रिलीज को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई। साथ ही बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों से जुड़े नए अपडेट भी सामने आए हैं। तो चलिए, आज की 7 सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट खबरों पर नजर डालते हैं जो पूरे दिन चर्चा में रहीं।
Image Source: IMDb/ Reddit
'धमाल 4' की रिलीज डेट
इंस्टाग्राम पर प्रोड्यूसर टी-सीरीज ने फिल्म धमाल 4 की नई रिलीज डेट का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा है, "जल्दी बता रहे हैं, फिर धमाल मचाने भी तो जाना है। स्टे ट्यून्ड। इस पोस्ट के साथ एक तस्वीर शेयर की गई थी, जिसमें फिल्म की रिलीज डेट लिखी हुई थी। फिल्म 12 जून 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है।
सनी देओल ने बॉर्डर 2 के सेट से शेयर की तस्वीर
बॉलीवुड एक्टर सनी देओल ने आज अपनी अपकमिंग फिल्म बॉर्डर 2 की रिलीज से पहले सेट की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में सनी देओल एकदम अलग अंदाज में दिखाई दिए। कई तस्वीरों में सनी देओल क्रू मेंबर्स और टीम के साथ चर्चा करते दिखाई दिए।
8 घंटे की शिफ्ट पर फरीदा जलाल ने दिया रिएक्शन
जूम को दिए खास इंटरव्यू में दिग्गज एक्ट्रेस फरीदा जलाल ने आजकल के 8 घंटे की शिफ्ट वाली बहस पर अपनी राय रखी। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय आउटडोर शूटिंग कितनी मुश्किल होती थी। फरीदा ने कहा, “हम तो बहुत लंबे-लंबे घंटे काम करते थे। उस समय ये कोई बड़ी बात नहीं लगती थी। ओह माय गॉड, वो आउटडोर शूटिंग्स बिना वैनिटी वैन के सोचिए, वो भी एक लड़की के तौर पर। मैं अपनी मां से चिपकी रहती थी और हम दोनों साथ में सारी मुश्किलें झेलते थे।' उन्होंने आगे कहा, 'अब तो हम लोग बिगड़ गए हैं। सब कुछ बहुत आसान हो गया है। पहले एक्टिंग करना बहुत मुश्किल था। इस प्रोफेशन में आने से पहले दस बार सोचना पड़ता था। लेकिन मुझे ये काम बहुत पसंद था, इसलिए मैं यहां हूं।'
इस बात पर रोने लगे थे करण जौहर
करण जौहर ने मन्यावर के यूट्यूब शो में बताया कि ‘कुछ कुछ होता है’ में सलमान खान के साथ पहली बार काम करते वक्त वो बहुत घबराए हुए थे। शूटिंग का पहला दिन था। सलमान अपनी वैनिटी वैन में कैजुअल जींस-टीशर्ट में बैठे थे। जब करण उनसे मिलने पहुंचे तो सलमान ने मजाक में कहा, 'करण, अगर पहली बार कोई दूल्हा जींस-टीशर्ट में एंट्री मारेगा तो ये ट्रेंड बन जाएगा। मैं अपना स्वैग दिखाऊंगा।' करण ये सुनकर हैरान रह गए। उन्होंने ‘साजन जी घर आए’ गाने के लिए खूबसूरत और भव्य सेट बनवाया था, काजोल ने भी बहुत शानदार लहंगा पहना था। करण ने सलमान को बहुत समझाने की कोशिश की कि ये लुक यहां बिल्कुल नहीं चलेगा। लेकिन सलमान अपनी जिद पर अड़े रहे और बोले कि वो इसे संभाल लेंगे। करण इतने टेंशन में आ गए कि उनकी आंखों से आंसू बहने लगे और वो सलमान के सामने रोने लगे। एक नए डायरेक्टर को इस तरह रोते देख सलमान घबरा गए। आखिरकार उन्होंने हार मान ली और बोले, 'अरे नहीं-नहीं, रो मत, मैं सूट पहन लेता हूं।'
'मर्दानी 3' को मिला ये सर्टिफिकेट
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, रानी मुखर्जी की आने वाली एक्शन फिल्म 'मर्दानी 3' को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिल गया है। फिल्म के रनटाइम का भी खुलासा हो गया है। ये फिल्म 2 घंटे 10 मिनट लंबी होगी। इस तरह 'मर्दानी 3' इस सीरीज की अब तक की सबसे लंबी फिल्म बनने वाली है। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं।
ट्रेंड में शामिल हुईं कंगना रनौत
कंगना रनौत ने साल 2016 वाले ट्रेंड में शामिल होते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कि एक्ट्रेस ने लिखा कि 'सब अचानक 2016 को क्यों याद करने लगे हैं? 2016 मेरे करियर का सबसे ऊंचा दौर था। ‘क्वीन’ और ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ जैसी बैक टू बैक ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद मैं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेस बन गई थी। लेकिन जनवरी 2016 में एक सहकर्मी ने मुझे वो विवादास्पद लीगल नोटिस भेजा, जिसने पूरी इंडस्ट्री को हिला दिया। इंसाइडर और आउटसाइडर में बंटवारा हो गया। सफलता जहर बन गई और जिंदगी नर्क जैसी हो गई। सबने पक्ष ले लिए और फिर कई कानूनी लड़ाइयां शुरू हो गईं। अगर दस साल पहले मुझे पता होता कि 2026 में मैं हर खाने में कार्ब्स खाऊंगी, खूब हंसूंगी और 2016 का वो ड्रामा किसी को कुछ भी मतलब नहीं रहेगा, तो उस वक्त मैं इतनी दुखी नहीं होती। शुक्र है कि अब 2016 नहीं है, हम 2026 में हैं।'
अक्षय कुमार-ट्विंकल खन्ना की शादी को हुए 25 साल
एक्टर अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की शादी को आज यानी 17 जनवरी को 25 साल पूरे हो गए हैं। मौके पर अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने एक दूसरे को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कीं। कपल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।
