'अलग नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाइए'- Ramayana पर याचिका लगाने वाले को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 27, 2026, 04:01 PM IST

Ramayana Movie Controversy: रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता को दो टूक जवाब दिया।

Ramayana Movie Controversy: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) की फिल्म रामायण (Ramayana) रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर जहां दर्शकों के बीच अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, वहीं इसमें दिखाए गए प्रसंगों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। फिल्म की भव्यता और कलाकारों के एक्टिंग के साथ-साथ इसके कुछ हिस्सों पर आपत्तियां भी सामने आई हैं। इसी बीच फिल्म से जुड़ा मामला देश की सबसे बड़ी अदालत तक पहुंच गया। याचिकाकर्ता ने फिल्म में रामायण की कहानी और तथ्यों को गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगाया था। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर जल्द सुनवाई की मांग की गई, लेकिन अदालत ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। सुनवाई के दौरान जजों की टिप्पणियां भी चर्चा में आ गईं।

Ramayana Controversy Update Supreme Court

रणबीर कपूर-यश की 'रामायण' के खिलाफ याचिका पर SC का बड़ा फैसला, तुरंत सुनवाई से किया इनकार (Image Source: Ramayana Movie)

'आपको अलग नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाइए'

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की पीठ ने शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई की। याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनकी याचिका 23 नवंबर को रजिस्टर्ड हुई थी, लेकिन अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं की गई है। वकील ने दलील दी कि फिल्म में महाकाव्य रामायण से जुड़ी कई बातों को गलत तरीके से दिखाया गया है। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख भी चुके हैं। CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा, 'उन्होंने अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बनाई है। आप अपनी मर्जी से अपनी फिल्म बनाइए। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए। अगर महाकाव्य को लेकर आपका नजरिया अलग है, तो आप उस नजरिए पर फिल्म बना लीजिए।' वहीं, जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी मामले की जल्द सुनवाई की जरूरत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की रामायण को लेकर अलग समझ या व्याख्या है, तो वो उस आधार पर फिल्म बना सकता है। जब याचिकाकर्ता के वकील ने जल्द सुनवाई की मांग दोहराई, तो पीठ ने कहा कि मामले को तय समय पर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। हालांकि, कोर्ट ने इस मामले की तत्काल सुनवाई की मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

रणबीर कपूर और यश की फिल्म में ये सितारे भी हैं शामिल

नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' (Ramayana: Rise of a Legend) को नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता और यश रावण के किरदार में हैं। इनके अलावा सनी देओल (Sunny Deol), रवि दुबे (Ravie Dubey), लारा दत्ता (Lara Dutta), अरुण गोविल (Arun Govil), काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal), रकुल प्रीत सिंह (Rakul Preet Singh) और विवेक ओबेरॉय (Vivek Oberoi) भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

End Article
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। ...

End of Feed