Sonu Sood Visit Punjab: अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ( Sonu Sood) इन दिनों पंजाब में है। पंजाब में आई बाढ़ के बाद की हालत पर नजर रखते हुए, सोनू सूद लोगों की मदद कर रहे हैं। यही नहीं सोनू सूद घर और हॉस्पिटल जाकर बाढ़ से ग्रसित लोगों की हालत का जायजा लेते नजर आ रहे हैं। हाल ही में अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। जिसमें वह पंजाब के बुरे हालात पर अपने विचार रख रहे हैं। तस्वीरें देखकर पता चल रहा है कि उन्होंने अच्छी तरह से वहाँ का दौरा किया है।
Image Source: Instagram
सोमवार को सोनू सूद( Sonu Sood) ने सोशल मीडिया पर ढेर सारी फ़ोटोज शेयर की, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "पंजाब के साथ, हमेशा के लिए। हम जमीन पर थे। हमने नुकसान देखा, दिल टूटता देखा और वह ताकत जो फीकी नहीं पड़ी। गांव पानी में डूबे, जिंदगियां उजड़ीं, लेकिन उम्मीद अभी भी कायम है। पंजाब को जो भी चाहिए, हम यहां हैं। मदद करने के लिए। पुनर्निर्माण करने के लिए। ठीक करने के लिए -साथ मिलकर। पंजाब के साथ। हमेशा के लिए।"
तस्वीरों में अभिनेता को पंजाब की स्थिति पर खुद नजर रखते हुए और अधिक से अधिक लोगों की मदद करने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। वह अपनी टीम के साथ वहाँ पहुंचे हैं और लोगों से बात करते नजर आ रहे हैं। सोनू सूद अस्पताल में भी लोगों से मिल रहे हैं और मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा रहे हैं। बता दें कि अभिनेता सोनू सूद समाजसेवा में हमेशा आगे रहते हैं। चाहे बात कोविड की हो या बाढ़ और ऐसी घटनाओं की जहां लोग परेशान हैं, वहाँ पर अभिनेता हमेशा खड़े मिलते हैं।
