अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स (बेटिंग ऐप्स) को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब जांच के दायरे में सोनू सूद और उर्वशी रौतेला भी शामिल हो गए हैं। हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के प्रमोशन की जांच के सिलसिले में उर्वशी रौतेला और सोनू सूद को तलब किया और उनसे पूछताछ की।
Sonu Sood and Urvashi Rautela
रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी ने हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना जैसे प्रसिद्ध क्रिकेटरों से भी पूछताछ की। ईडी ने कहा,-"इन प्लेटफॉर्म ने मशहूर सितारों के साथ जुड़कर बड़े पैमाने पर पॉपुलैरिटी प्राप्त की है । हालांकि, उर्वशी और सोनू ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
25 सितारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बता दें मार्च में हैदराबाद में 25 सितारों के खिलाफ अवैध सट्टेबाजी ऐप का समर्थन करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस लिस्ट में विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, मंचू लक्ष्मी, प्रणीता, निधि अग्रवाल और अन्य शामिल हैं। उन पर अवैध प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देने के लिए मोटी रकम वसूलने का आरोप लगाया गया था। प्रकाश राज ने स्वीकार किया कि वह 2015 में ऐसे ही एक विज्ञापन में दिखाई दिए थे, लेकिन एक साल के भीतर ही उन्होंने छोड़ दिया था।
कितना है सट्टेबाजी का बाजार
ईडी का शिकंजा उन मीडिया संस्थानों तक भी पहुंचा है, जिनपर आरोप है कि उन्होंने भारीभरकम पेमेंट के बदले ऐसे विज्ञापनों को प्रकाशित किया है। ईडी का अनुमान है कि भारत में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी बाजार 100 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा का है, जो सालाना 30 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
