Eetha: श्रद्धा कपूर ने कुछ ही दिनों में बढ़ाया 10 से 12 किलो वजन, ट्रांसफॉर्मेशन देख हैरान हुए कोरियोग्राफर

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 27, 2026, 07:11 PM IST

Vaibhavi Merchant on Shraddha Kapoor Eetha: श्रद्धा कपूर अपनी अगली फिल्म ईथा में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। उनके इस किरदार के लिए की गई मेहनत का खुलासा हुआ है।

Vaibhavi Merchant on Shraddha Kapoor Eetha: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) जब भी किसी नए किरदार के साथ पर्दे पर आती हैं, तो उनके लुक और अंदाज में बदलाव देखने को मिलता है। इस बार वो अपनी फिल्म ईथा (Eetha) में मराठी लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर (Vithabai Narayangaonkar) का किरदार निभाने जा रही हैं। इस भूमिका के लिए एक्ट्रेस ने सिर्फ एक्टिंग पर ही नहीं, बल्कि अपने हाव-भाव, डांस और शारीरिक बदलाव पर भी काफी काम किया है। फिल्म में उन्हें लावणी जैसे पारंपरिक डांस फॉर्म में परफॉर्म करना है, जिसके लिए खास ट्रेनिंग ली गई। अब फिल्म की कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट (Vaibhavi Merchant) ने श्रद्धा की तैयारी से जुड़ी कई बातें शेयर की हैं। उन्होंने बताया कि इस किरदार के एक खास हिस्से के लिए एक्ट्रेस को अपनी फिटनेस और वजन में भी बड़ा बदलाव करना पड़ा।

Vaibhavi Merchant on Shraddha Kapoor Eetha

श्रद्धा कपूर का 'ईठा' के लिए गजब ट्रांसफॉर्मेशन (Image Source: Eetha Movie)

किरदार के लिए 10 से 12 किलो बढ़ाया वजन

वैभवी मर्चेंट ने वैरायटी इंडिया (Variety India) को दिए इंटरव्यू में बताया कि श्रद्धा ने फिल्म के लिए सबसे पहले निर्देशक लक्ष्मण उतेकर (Laxman Utekar) के साथ कैरेक्टर वर्कशॉप की थी। इसके बाद उन्होंने लावणी डांस की ट्रेनिंग ली। इस दौरान दिवंगत शकुंतला नागरकर (Shakuntala Nagarkar) और अक्षय मालवणकर (Akshay Malvankar) ने उन्हें इस पारंपरिक डांस की बारीकियां सिखाईं। वैभवी के मुताबिक, निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने फिल्म की शूटिंग कहानी के दूसरे हिस्से से शुरू करने का फैसला किया था। ऐसे में श्रद्धा को दूसरे हिस्से और क्लाइमैक्स गाने की शूटिंग के लिए करीब 10 से 12 किलो वजन बढ़ाने के बाद तैयार होना पड़ा। वैभवी ने बताया कि ज्यादा वजन के साथ तेजी से लावणी डांस करना आसान नहीं था। इसके बावजूद श्रद्धा ने घंटों तक रिहर्सल और ट्रेनिंग की।

4 दिसंबर को रिलीज होगी 'ईथा'

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म ईथा मराठी लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। श्रद्धा कपूर के अलावा इसमें रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda), मोहम्मद जीशान अय्यूब (Mohammed Zeeshan Ayyub), अनंत जोशी (Anant Joshi), सिद्धार्थ जाधव (Siddharth Jadhav), अक्षरा सिंह (Akshara Singh), उल्का गुप्ता (Ulka Gupta) और नाना पाटेकर (Nana Patekar) भी नजर आएंगे। 'ईथा' 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म मातृभूमि (Maatrubhumi) से होगा, जो इसी दिन रिलीज होने वाली है।

End Article
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। ...

End of Feed