Sangam Hit in Iran: आज ईरान (Iran) जिस मुश्किल दौर और युद्ध जैसी स्थिति से गुजर रहा है, वहां कभी बॉलीवुड फिल्मों का जबरदस्त क्रेज हुआ करता था। खासकर राज कपूर (Raj Kapoor) की फिल्मों ने ईरानी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उनकी सुपरहिट फिल्म 'संगम' ने ईरान में ऐसी पॉपुलैरिटी हासिल की थी कि लोग इसे बार-बार देखने सिनेमाघरों तक पहुंचते थे। फिल्म की कहानी, संगीत और राज कपूर की अदाकारी ने ईरानी दर्शकों को खूब प्रभावित किया। उस दौर में 'संगम' सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ईरान में भी बड़ी हिट साबित हुई थी और आज भी इसे वहां पसंद की जाने वाली भारतीय फिल्मों में गिना जाता है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-Rajpal Yadav को लगा 440 वोल्ट का झटका, फिर जाएंगे जेल)
संगम ने ईरान में मचाया था धमाल (pic credit-sangam poster/chatgpt)
संगम ने मचाया धमाल
राज कपूर की 'संगम' साल 1964 में रिलीज हुई थी। रोमांस, दोस्ती और इमोशंस से भरपूर इस फिल्म के शानदार गाने और खूबसूरत सीन्स आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। फिल्म की शूटिंग पेरिस, स्विट्जरलैंड, रोम, वेनिस और लंदन जैसी विदेशी लोकेशनों पर हुई थी, जो उस दौर में किसी बड़े चमत्कार से कम नहीं थी। करीब 4 घंटे 28 मिनट लंबी यह फिल्म उस समय की सबसे लंबी हिंदी फिल्मों में शामिल थी और इसमें दो इंटरवल रखे गए थे। इतना ही नहीं, 'संगम' राज कपूर प्रोडक्शन की पहली कलर फिल्म भी थी। रिलीज के बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया और दर्शकों ने इसे दिल खोलकर प्यार दिया। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेशी धरती पर भी इस फिल्म ने मोटी कमाई की थी।
ईरान में सुपरहिट हुई थी संगम
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ईरान में राज कपूर की फिल्म 'संगम' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। इस फिल्म को वहां दर्शकों ने इतना पसंद किया कि यह एक साल से भी ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में चलती रही। इतना ही नहीं साउथ अमेरिका में भी फिल्म ने लंबा थिएट्रिकल रन किया और जबरदस्त सफलता हासिल की। राज कपूर के लंबे समय तक सिनेमैटोग्राफर रहे राधू करमाकर ने अपनी आत्मकथा 'द पेंटर ऑफ लाइट्स' में बताया है कि 'संगम' करीब 1 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी, जबकि इस फिल्म ने दुनियाभर में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। इसमें से करीब 5 करोड़ रुपये सिर्फ विदेशी बाजारों से आए थे, जो उस दौर में बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। 'संगम' की सफलता का फायदा हिंदुजा परिवार को भी मिला। हिंदुजा ग्रुप इस फिल्म का डिस्ट्रीब्यूटर था। फिल्म के ईरान में 50 हफ्ते पूरे होने पर वहां के शाही परिवार ने एक खास डिनर का आयोजन किया, जिसमें हिंदुजा परिवार को भी बुलाया गया। इसी मुलाकात के बाद उन्हें ईरान में बड़े रक्षा कॉन्ट्रैक्ट मिलने का मौका मिला। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर R Chezhiyan ने दुनिया को कहा अलविदा, फिल्म जगत में छाया मातम)
राज कपूर की फिल्में
बताते चलें कि राज कपूर ने आवारा, श्री 420, संगम, मेरा नाम जोकर और बॉबी जैसी फिल्मों ने इंडियन सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। खासकर 'संगम' ने विदेशों में भी जबरदस्त सफलता हासिल की। राज कपूर को उनकी बेहतरीन कहानी, निर्देशन और एक्टिंग के लिए आज भी 'द ग्रेटेस्ट शोमैन ऑफ इंडियन सिनेमा' के रूप में याद किया जाता है।
