Poonam Pandey Play Mandori in Ramleela: इस बार लाल किला मैदान पर होने वाली ऐतिहासिक और भव्य लव कुश रामलीला और भी खास होने जा रही है। नवरात्रि और दशहरे के इस सांस्कृतिक पर्व को और भव्य बनाने के लिए रामलीला कमेटी ने टीवी और फिल्म जगत के कई चर्चित चेहरों को इस वर्ष मंच पर उतारने का फैसला किया है।
Image Source: Youtube Interview/ Instagram
पूनम पांडे पहली बार करेगी रामलीला
सबसे बड़ी चर्चा में हैं पूनम पांडे( Poonam Pandey) , जो इस बार रावण की पत्नी मंदोदरी की भूमिका में नजर आएंगी। उन्होंने न केवल इस किरदार के लिए हामी भरी है बल्कि वे इन दिनों इसकी गहन तैयारी और रिहर्सल में भी जुट गई हैं। लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया, जब हमने मंदोदरी के रोल के लिए पूनम पांडे से संपर्क किया तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी। उनका मानना है कि प्रभु श्रीराम की लीला में भागीदारी उनके जीवन का सपना था। पूनम पांडे इससे पहले ‘कर्मा द जर्नी’, ‘जीएसटी: गलती से सिर्फ’ जैसी फिल्मों और ‘सीआईडी’ जैसे टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं। वहीं, इस बार महाबली रावण की भूमिका में अभिनेता आर्य बब्बर ( Arya Babbar) दिखाई देंगे, जो अपनी दमदार आवाज और अभिनय के लिए जाने जाते हैं। रामलीला के मंच पर इन दोनों का आमना-सामना देखने लायक होगा।
इसके साथ ही एक और बड़ी खबर यह है कि टीवी शो 'शाकालाका बूम बूम' के फेम "संजू" यानी किंशुक वैद्य( Kinsuk Vaidya) इस बार भगवान राम की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ अन्य टीवी और फिल्म कलाकार भी रामलीला के अलग-अलग पात्रों में मंच पर दिखाई देंगे। 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाली इस रामलीला में 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व बड़े धूमधाम और रावण दहन के साथ मनाया जाएगा।
मुख्य आकर्षण इस बार:
पूनम पांडे बनेंगी मंदोदरी
आर्य बब्बर निभाएंगे रावण
'शाकालाका बूम बूम' फेम किंशुक वैद्य बनेंगे भगवान राम
भव्य मंच, लाइव परफॉर्मेंस, हजारों दर्शकों की मौजूदगी
इस बार की लव कुश रामलीला न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि मनोरंजन और भव्यता का अद्भुत संगम भी देखने को मिलेगा। बॉलीवुड और टीवी की चमक के साथ यह रामलीला दिल्लीवासियों के लिए यादगार बन जाएगी।
