Nirmal Kapoor Dies: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर के सिर से मां निर्मल कपूर का हाथ उठ गया है। निर्मल कपूर 90 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहकर चल बसीं। निर्मल कपूर काफी समय से बीमार थीं, जिस कारण कपूर परिवार ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन मेडिकल साइंस भी उनकी जान नहीं बचा पायी और 2 मई 2025 के दिन उनका देहान्त हो गया। अनिल कपूर मां निर्मल कपूर से बेशुमार प्यार करते थे और समय-समय पर वो ये प्यार जाहिर भी करते रहते थे। अनिल कपूर ने मां निर्मल कपूर की मौत से 31 महीने पहले एक पोस्ट लिखा था, जिसमें उन्होंने खुद को खुशकिस्मत बताया था कि वो निर्मल कपूर की कोख से पैदा हुए हैं।
अनिल कपूर ने मां निर्मल कपूर के साथ तीन तस्वीरें शेयर की थीं। पहली तस्वीर अनिल कपूर के बचपन की थी, जिसमें उनकी मां जवान लग रही थीं, दूसरी तस्वीर अनिल कपूर की जवानी की थी, जिसमें निर्मल कपूर के बालों में चांदी आना शुरू हुई थी और तीसरी तस्वीर निर्मल कपूर के बुढ़ापे की थी, जिसमें वो व्हीलचेयर पर बैठी नजर आ रही थीं। अनिल कपूर ने इस पोस्ट में लिखा था, 'प्यार, त्याग और मजबूत रिश्ते के 90 साल पूरे हो गए हैं। आपके होने मात्र से हमारी जिंदगी खुशियों से भर जाती है और दिन खुशनुमा बन जाता है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं तुम्हारा बेटा हूं। हैप्पी बर्थडे मां।'
बताते चलें कि अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर पिछले एक हफ्ते से मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उनका इलाज चल रहा था। काफी समय से बीमार चल रही निर्मल कपूर की हालत गंभीर थी और सभी उनके ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहे थे लेकिन इस दफा किसी की भी दुआएं निर्मल कपूर के काम नहीं आई और वो दुनिया से विदा लेकर चल बसीं।
एंटरटेनमेंट की ताजा ख़बरें (Entertainment News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें बॉलीवुड न्यूज (Bollywood News in Hindi) की छोटी-बड़ी सभी खबरें Times Now Navbharat Live TV पर। और Friday OTT Release (Web Series) की ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें Times Now Navbharat से।
