Mushtaq Khan Prayer Meet: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान (Mushtaq Khan) के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 24 सितंबर को कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से फिल्म जगत ने एक शानदार कलाकार खो दिया है। मुश्ताक खान ने कई हिट फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता था। निधन से कुछ दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले हफ्ते मुंबई के वर्सोवा मुस्लिम कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अब उनकी याद में प्रार्थना सभा रखी गई। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'सलमान भाई ने बोला था ना...' Farah Khan ने लगा दी पैपराजी की क्लास)
मुस्ताक खान की प्रेयर मीट में पहुंचे ये स्टार्स (pic credit-instagram)
मुश्ताक खान की प्रेयर मीट में पहुंचे ये स्टार्स
मुश्ताक खान की प्रार्थना सभा में उनके परिवार के सदस्यों, करीबी दोस्तों और फिल्मी दुनिया के कई लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राजपाल यादव, पूनम ढिल्लों, मुकेश ऋषि, राहुल रॉय और विंदू दारा सिंह समेत कई सितारे मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत एक्टर को याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी करियर में बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया था। हालांकि, पिछले हफ्ते उनके अंतिम संस्कार में कुछ ही फिल्मी सितारे पहुंचे थे। इस बात से दिग्गज एक्टर रजा मुराद काफी दुखी हुए। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बड़े सितारों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई।
दिग्गज एक्टर रजा मुराद ने कहा, 'कल उनका अंतिम संस्कार किया गया और उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। लेकिन अफसोस की बात है कि जिन्हें हम बड़े सितारे कहते हैं, उनमें से कोई भी उन्हें आखिरी सलाम करने नहीं पहुंचा। उनके साथी और करीबी लोग जरूर आए, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री का कोई बड़ा चेहरा वहां नजर नहीं आया।' उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी बड़े उद्योगपति के बेटे की शादी होती है, तो यही सितारे वहां न सिर्फ पहुंचते हैं, बल्कि मेहमानों की सेवा करने से भी पीछे नहीं हटते। वहीं, जब किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम होता है, तो भी ये सितारे वहां पहुंच जाते हैं। रजा मुराद ने कहा कि मुश्ताक खान ने अपनी पूरी जिंदगी फिल्म इंडस्ट्री को दे दी, लेकिन उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लोग 50 मिनट भी नहीं निकाल पाए। उन्होंने सितारों को याद दिलाया कि हर किसी की लोकप्रियता और चमक एक दिन खत्म हो जाती है। ऐसे में सभी को घमंड छोड़कर विनम्र रहना चाहिए और दूसरों के साथ प्यार और सम्मान से पेश आना चाहिए।
