JAAT: सन्नी देओल-रणदीप हुड्डा की फिल्म जाट को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। अब ये फिल्म विवादों में घिर गई है। इस फिल्म को लेकर विवाद और भी बढ़ गया है। हाल ही में आई रिपोर्ट के अनुसार ईसाई समुदाय के सदस्यों के विरोध के बाद पंजाब के जालंधर में सनी देओल और रणदीप हुड्डा के साथ-साथ विनीत कुमार, निर्देशक गोपीचंद और निर्माता नवीन मालिनेनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।
JAAT
इस धारा पर दर्ज हुई शिकायत
सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई रिपोर्ट भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य, किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को उसके धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके आहत करने का इरादा) के तहत दर्ज की गई थी। स्टेशन हाउस ऑफिसर ने एक मीडिया हाउस को बताया कि उन्होंने शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच कर रहे हैं। जांच के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ईसाई समुदाय ने लगाया आरोप
यह विवाद तब शुरू हुआ जब ईसाई समुदाय के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जाट फिल्म में ऐसे दृश्य हैं जो ईसा मसीह और ईसाई धार्मिक प्रथाओं का अपमान करते हैं। समुदाय के नेता विकलाव गोल्डी के अनुसार, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को एक शिकायत दी गई थी, जिसमें फिल्म के एक दृश्य का हवाला दिया गया था, जिसमें रणदीप हुड्डा को ईसा मसीह की तरह एक चर्च में खड़ा दिखाया गया है और उनका अपमान किया गया है। ईसाई समूहों ने फिल्म को बैन करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
