Hera Pheri 3 Teaser: अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर फिल्म हेरा फेरी 3 अनाउंसमेंट के बाद से ही लोगों के बीच चर्चा में बनी हुई है। हेरा फेरी 3 का ऐलान कई दफा हुआ लेकिन ये कभी भी बनी नहीं। आखिरकार अक्षय कुमार की महीनों की मशक्कत के बाद ये फ्लोर पर आई और अब इसकी शूटिंग हो रही है। खबरों की मानें तो मेकर्स जल्द ही इसका टीजर रिलीज कर सकते हैं, जिस पर एक्टर सुनील शेट्टी ने चुप्पी तोड़ी है और कहा है कि फैंस को आईपीएल 2025 फिनाले से पहले जबरदस्त सरप्राइज मिस सकता है।
अमर उजाला के साथ बात करते हुए सुनील शेट्टी ने हेरा फेरी 3 के टीजर के बारे में कहा, 'हम लोगों ने इसकी शूटिंग शुरू कर दी है। जल्द ही हेरा फेरी 3 पूरी भी हो जाएगी। मेकर्स ने इसका टीजर शूट कर लिया है और ये फाइनल भी हो चुका है। आईपीएल 2025 फिनाले से पहले दर्शकों को हेरा फेरी 3 का टीजर देखने को मिलेगा।'
हेरा फेरी 3 को लेकर सुनील शेट्टी काफी एक्साइटेड भी हैं और उन्होंने कहा 'हम सभी एक्साइटेड हैं क्योंकि हमारी टीम सेम है। सेट पर भी इसीलिए मस्तीभरा माहौल रहता है। अक्की-परेश जी और मैं जब साथ में होते हैं तो हमारे आसपास वालों की हालत काफी खराब हो जाती है।'
बताते चलें कि एक्टर सुनील शेट्टी जल्द ही सूरज पंचोली के साथ फिल्म केसरी वीर में दिखाई देंगे, जिसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। सोमनाथ मंदिर के आसपास घूमती इस कहानी के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार रिस्पांस मिला है। फिल्म केसरी वीर में सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली जबरदस्त एक्शन करते दिखाई देंगे।
