Madhya Pradesh High Court On Haq Release: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर इमरान हाशमी और एक्ट्रेस यामी गौतम अपनी फिल्म 'हक' के साथ बड़े पर्द पर दस्तक देने के लिए तैयार हैं। फिल्म की रिलीज में अब बस कुछ ही घंटे बाकी रह गए हैं। लेकिन रिलीज से पहले इमरान हाशमी और यामी गौतम स्टारर 'हक' विवादों में घिर गई है। दरअसल, फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की गई थी, जिसे लेकर अब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने फैसला सुना दिया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने 'हक' (Haq) की रिलीज को न केवल हरी झंडी दिखाई है, बल्कि याचिका को भी खारिज कर दिया है।
फोटो क्रेडिट- यामी गौतम इंस्टाग्राम
'हक' (Haq) की रिलीज पर रोक लगाने की याचिका शाह बानो बेगम की बेटी सिद्दिका बेगम खान द्वारा दायर की गई थी, जिनका कहना था कि फिल्ममेकर्स बिना उनकी इजाजत के इस मामले पर मूवी नहीं बना सकते हैं। वहीं इस मामले पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में इंदौर बेंच के जस्टिस प्रणय वर्मा ने कहा, "किसी व्यक्ति द्वारा उसकी जिंदगी में हासिल की गई निजता या प्रतिष्ठा उसकी मृत्यु के साथ ही खत्म हो जाती है। इसे चल या अचल संपत्ति की तरह विरासत में नहीं पाया जा सकता।" कोर्ट ने फिल्ममेकर के उद्देश्य को भी स्वीकारा है कि मूवी उस केस से प्रेरित है।
जस्टिस प्रणय ने 'हक' (Haq) की रिलीज के बारे में सुनवाई करते हुए कहा, "डिसक्लैमर में साफ कहा गया था, ये रचनात्मक है और किताब से ली गई है और एपेक्स कोर्ट के फैसले से प्रेरित है। ये नहीं कहा जा सकता है कि फिल्म का कंटेंट बुना गया है। फिल्म एक फिक्शन और प्रेरणा है तो कुछ हद तक की छूट जरूर मिलती है और इसी तरह का काम किया गया है तो ये नहीं कहा जा सकता है कि इसमें कोई सनसनीखेज या गलत चीजें पेश की गई हैं।" बता दें कि इमरान हाशमी और यामी गौतम के अलावा 'हक' में शीबा चड्ढा, दानिश हुसैन, वर्तिका सिंह और परिधि शर्मा जैसे कई सितारे अहम भूमिका में नजर आएंगे।
