Jagan Shakti Announces Movie On Chandryaan 3: चंद्रयान 3 बीते दिन सफलता पूर्वक चांद पर लैंड हुआ, जिसकी खुशी पूरे देश ने मनाई। सितारों से लेकर आम जनता तक चंद्रयान 3 को लेकर बेहद खुश नजर आए। यहां तक कि विदेशों से भी चंद्रयान 3 (Chandrayaan 3) की सफलता के लिए देश को खूब शुभकामनाएं मिलीं। वहीं अब खबर आ रही है कि 'मिशन मंगल' के डायरेक्टर जगन शक्ति ने 'चंद्रयान 3' पर मूवी बनाने का फैसला किया है।
अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म 'मिशन मंगल' के डायरेक्टर जगन शक्ति ने मीडिया को दिये इंटरव्यू में 'चंद्रयान 3' पर फिल्म बनाने का ऐलान किया। उनका कहना है कि वह 'मिशन मंगल' की टीम के साथ 'चंद्रयान 3' पर फिल्म बनाएंगे। जगन शक्ति ने इस सिलसिले में कहा, "इस वक्त मैं फिल्म की कहानी पर विचार कर रहा हूं। कहानी तय करने से पहले मैं अपनी बड़ी बहन से इस बारे में राय लूंगा, जो कि इसरो की सीनियर साइंटिस्ट हैं। उम्मीद करता हूं कि 'मिशन मंगल' की टीम के साथ 'चंद्रयान 3' पर भी फिल्म बनाऊं।"
चंद्रयान 3 (Chandrayaan 3) पर बनने वाली फिल्म में 'मिशन मंगल' की टीम के शामिल होने के साथ ही यह भी अनुमान लग रहा है कि मूवी में अक्षय कुमार की एंट्री हो सकती है। माना जा रहा है कि वह फिल्म में बतौर वैज्ञानिक दिखाई देंगे। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है।
चंद्रयान 3 पर फिल्म बनाने वालों की लगी कतार
बता दें कि चंद्रयान 3 (Chandrayaan 3) पर कई फिल्ममेकर मूवी बनाने की फिराक में लगे हुए हैं। कुछ ने तो चंद्रयान 3 से जुड़े टाइटल को रजिस्टर कराना भी शुरू कर दिया है। हालांकि अभी तक किसी की ओर से भी मूवी को लेकर आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है।
