69th National Award: 69वें राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा हो चुकी है। बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री के कई दिग्गज सितारों के हाथ इस बार राष्ट्रीय पुरस्कार लगा है। जहां आलिया भट्ट को फिल्म गंगूबाई काठियावाडी और कृति सेनन को 'मिमी' फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के खिताब से नवाजा गया है। वहीं अल्लू अर्जुन के हाथ 'बेस्ट एक्टर' का खिताब लगा है। बता दें कि 69वें राष्ट्रीय पुरस्कार का आयोजन दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में हुआ था।
69वें राष्ट्रीय पुरस्कार (69th National Film Award) में 'बेस्ट एक्ट्रेस' के खिताब के लिए 'गंगूबाई काठियावाडी' फिल्म के लिए जहां आलिया भट्ट का नाम था तो वहीं 'थलाइवी' मूवी के लिए कंगना रनौत का नाम भी शामिल था। दोनों ही एक्ट्रेस में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए रेस लगी थी। लेकिन अंत में यह खिताब आलिया भट्ट की झोली में गिरा। वहीं दूसरी ओर 'मिमी' मूवी के लिए कृति सेनन को भी राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।
बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड ले गए अल्लू अर्जुन
69वें राष्ट्रीय पुरस्कार में बेस्ट एक्टर के खिताब के लिए इस बार बॉलीवुड कलाकारों का पत्ता कटता दिखाई दिया। वहीं अल्लू अर्जुन अपनी धमाकेदार मूवी 'पुष्पा: द राइज पार्ट 1' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड ले गए। बता दें कि अल्लू अर्जुन इन दिनों 'पुष्पा 2' की तैयारी में लगे हुए हैं, जिसे लेकर फैंस भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।।
सपोर्टिंग रोल के लिए इन सितारों को मिला खिताब
69वें राष्ट्रीय पुरस्कार में सपोर्टिंग रोल के लिए भी कई सितारों की किस्मत खुली है। जहां 'मिमी' मूवी में अहम किरदार निभाने केल लिए पंकज त्रिपाठी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला। तो वहीं 'द कश्मीर फाइल्स' के लिए पल्लवी जोशी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का खिताब दिया गया।
