बिहार के पूर्वी चंपारण में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जहां एक ओर बीजेपी पर हमला बोला तो वहीं दूसरी ओर अपने पिता राजीव गांधी से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। प्रियंका गांधी ने तब की सरकार और आज की सरकार की तुलना करते हुए कहा कि एक बार जब वो अपने पिता के साथ चुनावी प्रचार में थीं तो एक महिला ने सबके सामने राजीव गांधी को डांट दिया था।
बिहार में प्रियंका गांधी की रैली
ये भी पढ़ें- तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए, नहीं तो जल जाएगी- पहले चरण की वोटिंग के बीच लालू यादव की खास अपील
प्रियंका ने सुनाया राजीव गांधी का किस्सा
पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा- "जब मैं 10-12 साल की थी, तब मैंने अमेठी में एक महिला को अपने पिता को डांटते हुए देखा था। उसने कहा था, "तुम राजीव भैया तो हो हमारे, प्रधानमंत्री होंगे लेकिन आपने बोला था हमारे यहां नल लगाओगे, पर लगाया नहीं अभी तक, हम दोबारा वोट नहीं देंगे आपको'... वह देश के प्रधानमंत्री थे, लेकिन एक गांव की महिला ने उन्हें डांटा; वह डरी नहीं। आजकल तो सबको डरना पड़ता है। अगर आप अपना अधिकार मांगते हैं, तो आपको पता है कि पुलिस आपको पीटेगी और प्रशासन आपको बंद कर देगा। वह समय नहीं था। हमारे देश की राजनीति की नींव महात्मा गांधी ने रखी थी, जिसमें जनता सर्वोच्च है।"
बीजेपी पर बोला हमला
प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी 'चुनाव चोरी' कर रहे हैं, वोट काट रहे हैं। ऐसे में आप कब तक चुप रहेंगे? BJP-JDU के लोग पैसे देकर वोट खरीदना चाहते हैं। अगर वो पैसा दे रहे हैं, तो ले लो.. लेकिन आप अपना वोट अपने परिवार के भविष्य के लिए दो, क्योंकि 20 साल में इन्होंने कोई काम नहीं किया।
खाना पॉलिटिक्स पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने चुनावी मौसम में खाना पॉलिटिक्स पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के एक गांव में मुझे एक बुजुर्ग महिला ने बताया था कि मैंने तुम्हारी दादी को खीर खिलाई थी। लेकिन नरेंद्र मोदी या अमित शाह किसी गरीब के घर नहीं जाते। मैंने एक तस्वीर देखी थी- जिसमें BJP के बड़े नेता एक गरीब परिवार के यहां खाना खा रहे थे, लेकिन वे अपनी थाली और खाना साथ लेकर आते हैं। आपके घर का खाना नहीं खाते। ये BJP की असलियत है, ये उनका अहंकार है। इन लोगों को जनता नहीं दिखती, सिर्फ सत्ता दिखती है।
