West Bengal Assembly Elections 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कुमारगंज विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार के साथ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने मारपीट की। भाजपा के नेता ने बताया कि मतदान केंद्र के पास टीएमसी समर्थकों द्वारा कथित तौर पर हंगामा किये जाने की सूचना मिलने के बाद जब सरकार मौके पर जा रहे थे तब ही उन्हें पीटा गया।
बंगाल चुनाव: BJP उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर TMC समर्थकों का हमला, एक पुलिस वाला भीड़ से बचाता नजर आया, देखें वीडियो
शुभेंदु सरकार से मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें सरकार को कई लोगों ने घेर रखा है और उनको मार रहे हैं। सरकार को बचाने के लिए उनके साथ सिर्फ एक पुलिस वाला नजर आ रहा है, जो उन्हें बचाने की पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन भीड़ उनको जाने नहीं दे रही है। अंत में बड़ी मुश्किल से वह वहां से निकल पाए।
बताया गया कि पार्टी उम्मीदवार पर उस समय हमला किया गया, जब वह मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे। संबंधित मतदान केंद्र एक स्कूल परिसर में बनाया गया है। जहां TMC समर्थकों ने उनसे मारपीट की।
प्रमुख नेताओं ने डाला वोट, शांतिपूर्ण मतदान के लिए अपील की
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की। इन नेताओं में राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, भाजपा के दिलीप घोष, कांग्रेस की मौसम बेनजीर नूर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उदयन गुहा शामिल हैं। पूर्व मेदिनीपुर जिले में शुभेंदु अधिकारी ने सुबह आठ बजे से पहले कांथी स्थित अपने शांति कुंज आवास के पास नंदनायकबार प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया। बता दें कि राज्य की 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान जारी है। 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 167 महिलाओं सहित कुल 1,478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
