Odisha Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव-2024 को लेकर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सामने शिशिर मिश्रा को चुनावी मैदान में उतारा है। बता दें कि नवीन पटनायक हिंजिली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वहीं, राजधानी भुवनेश्वर में भुवनेश्वर मध्य विधानसभा सीट से भाजपा ने जगन्नाथ प्रधान को अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए किया उम्मीदवारों का एलान
ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 112 उम्मीदवारों का एलान किया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही होंगे। ओडिशा विधानसभा में 147 सीटें हैं। राज्य में 2019 के चुनावों में बीजद को 112 और भाजपा को 23 सीटें मिली थीं। राज्य में कांग्रेस तीसरी मुख्य पार्टी है।
बता दें कि इससे पहले बीजेपी ने लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तीन सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान किया था। इनमें जाजपुर सीट पर डॉ. रबिन्द्र नारायण बेहरा, कटक लोकसभा सीट पर भर्तृहरि महताब और कंधमाल लोकसभा सीट पर सुकांत कुमार पाणिग्रही को टिकट दिया था। नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद ने भाजपा से पहले 9 लोकसभा और 72 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान किया था। हालांकि, इसके बाद पार्टी के करीब चार नेताओं ने चार दिन के भीतर बीजद का साथ छोड़ दिया था।
