Bihar By Election : बिहार की चार सीटों इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ में उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इन सभी चार सीटों पर एनडीए को जीत मिली है। उपचुनाव में महागठबंधन के खाते में एक भी सीट नहीं आई। यह कांग्रेस, राजद के लिए बहुत बड़ा झटका है। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले उपचुनाव के ये नतीजे महागठबंधन के लिए खतरे की घंटी हैं। उपचुनाव में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने अपने उम्मीदवार उतारे, लेकिन इन सभी सीटों पर उन्हें गहरी निराशा हाथ लगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2024
इमामगंज सीट पर मांझी की बहू दीपा जीतीं
बिहार की हाई प्रोफाइल सीट इमामगंज पर हिंदुस्तान आवाम मार्चा सेक्युलर की दीपा कुमारी को जीत मिली। इस सीट पर दीपा को 53435 वोट मिले। दीपा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार रौशन कुमार को हराया। कुमार को 47490 वोट मिले। तीसरे स्थान पर जन सुराज पार्टी के जितेंद्र पासवान को 37103 वोट मिले।
बेलागंज में जद-यू की मनोरमा देवी विजयी
बिहार की बेलागंज सीट पर जनता दल-यूनाइटेड की मनोरमा देवी विजयी हुई हैं। इस सीट पर मनोरमा देवी को 73238 वोट मिले। जद-यू उम्मीदवार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विश्वनाथ कुमार सिंह को हराया। विश्वनाथ को 51872 वोट मिले। तीसरे स्थान पर जनसुराज पार्टी के मोहम्मद अमजद को 17268 वोट मिले।
तरारी सीट पर भाजपा के विशाल जीते
तरारी सीट पर भाजपा के विशाल प्रशांत को जीत मिली है। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार को 78755 वोट मिले। दूसरे नंबर पर राजू यादव भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (लिबरेशन) के रहे। राजू को 68143 वोट मिले। तीसरे नंबर पर जन सुराज पार्टी की किरण सिंह रहीं। किरण को 5622 वोट हासिल हुए।
भाजपा के खाते में रामगढ़ सीट
रामगढ़ सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अशोक कुमार सिंह विजयी हुए। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार को 62257 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह यादव को हराया। तीसरे स्थान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अजीत कुमार सिंह रहे। अजीत को 35825 वोट मिले। यहां जनसुराज पार्टी का उम्मीदवार चौथे नंबर पर रहा।
