Maharashtra Jharkhand Election Result: महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को आएंगे। चुनाव आयोग की तरफ से मतगणना को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों चुनावी राज्यों में हुए मतदान के बाद 23 नवंबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। सुबह 9 बजे तक रुझान आना शुरू होंगे, और शाम 4 बजे तक स्थिति साफ होगी।
महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव परिणाम।
चुनाव आयोग ने बताया कि मतगणना को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी मतगणना केंद्र के आसपास लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई और मतगणना केंद्र पर सिर्फ आधिकारिक लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके आलवा दोनों राज्यों में काउंटिग के बाद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के आएंगे रिजल्ट
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान हुआ था। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 20 नवंबर को हुए मतदान में अंतिम मतदान 66.05 प्रतिशत रहा जबकि 2019 में यह आंकड़ा 61.1 प्रतिशत था। शनिवार को मतों की गिनती के लिए कुल 288 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव के लिए भी एक केंद्र शामिल है। एक अधिकारी ने बताया कि कुल 288 मतगणना पर्यवेक्षक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में मतगणना की निगरानी के लिए दो पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है।
झारखंड में भी खुलेगा किस्मत का पिटारा
वहीं, झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद शनिवार को होने वाली मतगणना के लिये तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। डाक मतपत्रों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी तथा रुझान सुबह नौ बजे तक आने शुरू हो जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार मतदान रिकॉर्ड 67.74 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो 15 नवंबर 2000 को राज्य के गठन के बाद से सबसे अधिक है। सभी मतगणना केंद्रों पर मतगणना के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। डाक मतपत्रों की निष्पक्ष गणना सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक टेबल का नेतृत्व एक एआरओ करेंगे। बता दें, राज्य में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को हुए। कुल 81 सीटों में से 43 निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण में मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान हुआ।
