Rampur Lok Sabha Election: आजम खान का गढ़ कहे जाने वाले रामपुर लोकसभा सीट पर पहले चरण में चुनाव होना है, हालांकि अब तक समाजवादी पार्टी ने यहां अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस बीच ये चर्चाएं तेज हो गई हैं कि रामपुर सीट से अखिलेश यादव अपनी उम्मीदवारी का ऐलान कर सकते हैं। दरअसल सीतापुर जेल में बंद आजम खान से अखिलेश ने मुलाकात की, इसी के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया।
क्या रामपुर से भी चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव?
क्या रामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव?
समाजवादी पार्टी के रामपुर के जिला अध्यक्ष ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की जिला इकाई चाहती थी कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ें, लेकिन अब वह चुनाव का ‘बहिष्कार’ करने पर आमादा हैं। जिला इकाई के अध्यक्ष अजय सागर और जेल में बंद नेता आजम खान के नाम वाले एक बयान में सत्तारूढ़ भाजपा पर चुनाव उल्लंघन और सपा नेताओं के खिलाफ ज्यादती का आरोप लगाया गया। हालांकि लंबे वक्त से अखिलेश के कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं हो रही हैं। इस सीट पर 2019 में भाजपा के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को चुनाव हराया था।
'अखिलेश यादव से रामपुर से चुनाव लड़ने के लिए कहा था'
हिंदी में लिखे गये पत्र में कहा गया है कि उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र की इन ‘विशेष परिस्थितियों’ के कारण अखिलेश यादव से रामपुर से चुनाव लड़ने के लिए कहा था। पत्र से अप्रत्यक्ष रूप से संकेत मिलता है कि उन्होंने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। इसमें कहा गया, ‘इस माहौल और परिस्थितियों में हम वर्तमान चुनावों का बहिष्कार कर रहे हैं।’ हालांकि इसमें यह भी कहा गया कि इस मामले पर केवल पार्टी प्रमुख ही निर्णय ले सकते हैं।
पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन आज
लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में होने वाली वोटिंग के लिए आज नामांकन की आखिरी तारीख है। पहले चरण में यूपी के इन आठ जिलों सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना (सुरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। बता दें, पिछले हफ्ते के अंत में अखिलेश यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव के बारे में बात करने के लिए सीतापुर जेल में आजम खान से मिलने गए थे। उनकी इस मुलाकात के कुछ दिनों बाद यह बयान सामने आया है। भाजपा ने रामपुर सीट से घनश्याम लोधी को दूसरी बार मैदान में उतारा हैं, लेकिन मुख्य विपक्षी दल सपा, जो कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है, जिसने अभी तक अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है।
समाजवादी पार्टी रामपुर से किसे बनाएगी अपना उम्मीदवार?
रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर घनश्याम लोधी पर भरोसा जताया है, वहीं मायावती की पार्टी बसपा ने इस सीट से जीशान शेख को टिकट दिया है। आज नामांकन की आखिरी तारीख है और सपा ने अब तक किसी को अपना उम्मीदवार नहीं बनाया है। ऐसे में सवाल यही है कि समाजवादी पार्टी किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी?
2019 के आम चुनावों इस सीट पर बेहद दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला था। भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा को आजम खान ने एक लाख 9 हजार 997 वोटों से मात दी थी। आजम खान के अयोग्य घोषित होने के बाद यहां भाजपा के घनश्याम लोधी ने उपचुनाव में जीत हासिल की थी। ऐसे में सपा के लिए इस सीट को दोबारा हासिल करना बड़ी चुनौती है।
